Kanpur News: इस स्कैनर के माध्यम से योगी सरकार को दें अपना सुझाव, जानिए कब आएंगे प्रबुद्धजन

0
e01bfd04-2997-4940-bb59-5eb90df2a66f

कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 संकल्प के अनुरूप उत्तर प्रदेश सरकार ने समर्थ उत्तर प्रदेश – विकसित उत्तर प्रदेश @2047 अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य जनता की भागीदारी से ऐसा रोडमैप तैयार करना है, जिससे वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सके।

अभियान का मुख्य विजन

यह अभियान तीन प्रमुख थीम—अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति और जीवन शक्ति—पर आधारित है। इसके अंतर्गत कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, आईटी, ऊर्जा, पर्यटन, महिला विकास, रोजगार, कानून-व्यवस्था, ग्रामीण विकास और सामाजिक सुरक्षा जैसे 12 क्षेत्रों में जनता से सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं। सुझाव दर्ज कराने के लिए लोग क्यूआर कोड स्कैन कर सकते हैं या सीधे [samarthuttarpradesh.up.gov.in](http://samarthuttarpradesh.up.gov.in) पोर्टल पर जा सकते हैं।

जानिए कानपुर में कब है कार्यक्रम

इसी क्रम में शासन द्वारा नामित प्रबुद्धजनों का एक प्रतिनिधिमंडल 10 और 11 सितम्बर को कानपुर नगर का दौरा करेगा। इसमें मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं सेवानिवृत्त आईएएस अवनीश कुमार अवस्थी, सेवानिवृत्त आईएफएस बाबूराम अहिरवार, सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. चुन्ना सिंह, कृषि विभाग के वैज्ञानिक डॉ. शंकर सिंह तथा पीडब्ल्यूडी के पूर्व मुख्य अभियंता राकेश सिंह शामिल हैं।

यह प्रतिनिधिमंडल प्राध्यापकों, छात्रों, कृषकों, एफपीओ, महिला समूहों, श्रमिक संगठनों और उद्यमियों से संवाद करेगा। चर्चा का केंद्र विगत आठ वर्षों की विकास यात्रा और आने वाले वर्षों की रणनीति होगी।

पढ़िए कार्यक्रम का शेड्यूल

* 10 सितम्बर, प्रातः 10:30–1:30 बजे: हरकोर्ट बटलर प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में छात्रों और शिक्षाविदों के साथ बैठक।
* 10 सितम्बर, सायं 3–5 बजे: चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय में कृषकों, एफपीओ और कृषि वैज्ञानिकों से संवाद।
* 11 सितम्बर, प्रातः 10:30–12:30 बजे: सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में व्यवसायियों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बैठक।
* 11 सितम्बर, 12:30–2:00 बजे: महिला समूहों, श्रमिक संगठनों, पुरस्कार प्राप्त व्यक्तियों और बुद्धिजीवियों से विचार-विमर्श।

यह है जिलाधिकारी का संदेश

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह अभियान केवल शासन की पहल नहीं है बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से बनने वाला विकास का खाका है। उन्होंने सभी छात्रों, कृषकों, महिला समूहों और उद्यमियों से अपील की कि वे सक्रिय रूप से इसमें शामिल हों। उनके अनुसार, “आपका हर सुझाव 2047 के विकसित उत्तर प्रदेश की रणनीति का आधार बनेगा।”

About The Author

Leave a Reply

Discover more from ROCKET POST LIVE

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading