नेक्स्ट जेन GST रिफॉर्म से यूपी के व्यापारियों और ग्राहकों को बड़ा लाभ, पढ़िए सीएम योगी ने बताया पूरा असर
लखनऊ: शारदीय नवरात्रि के अवसर पर लागू हुए नेक्स्ट जेन GST रिफॉर्म ने उत्तर प्रदेश के बाजार में नई ऊर्जा भर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को हजरतगंज स्थित यूनिवर्सल बुकसेलर के पास पत्रकार वार्ता में कहा कि घटे हुए जीएसटी रेट्स से आम उपभोक्ता, व्यापारी और उद्यमी सभी वर्गों को महत्वपूर्ण लाभ मिला है।
उन्होंने बताया कि इस रिफॉर्म के माध्यम से न केवल उपभोक्ताओं को महंगाई में राहत मिली है, बल्कि बाजार की मजबूती और रोजगार सृजन में भी वृद्धि हुई है। सीएम ने कहा कि उपभोक्ता की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य होने के कारण यूपी के व्यापारियों और ग्राहकों को जीएसटी रिफॉर्म का सबसे अधिक लाभ मिलेगा।
त्योहारों के सीजन में मिलेगी बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए नोटबुक, पेंसिल और अन्य शैक्षणिक सामग्री पर जीएसटी शून्य कर दिया गया है। इसी तरह ज्यादातर घरेलू उपयोग की आवश्यक सामग्रियों पर जीएसटी को 0 या 5 प्रतिशत तक घटा दिया गया है।
साथ ही जीवन रक्षक 33 प्रकार की दवाओं को पूरी तरह से जीएसटी से मुक्त कर दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप बाजार में खपत बढ़ी है, उत्पादन में तेजी आई है और व्यापारियों एवं उद्यमियों को फायदा हुआ है।
अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
सीएम योगी ने कहा कि यह रिफॉर्म राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा। उन्होंने बताया कि देश में जीएसटी लागू होने के बाद कलेक्शन 7 लाख करोड़ से बढ़कर 22 लाख करोड़ तक पहुंच गया है। वहीं यूपी में यह आंकड़ा 49 हजार करोड़ से बढ़कर 1.15 लाख करोड़ से अधिक हो गया है।
सीएम ने व्यापारियों और ग्राहकों के साथ संवाद
पत्रकार वार्ता से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हजरतगंज मार्केट पहुंचे और व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने जीएसटी रिफॉर्म से संबंधित पंपलेट और बैनर वितरित किए और जनता से रिफॉर्म के फायदों पर चर्चा की।
व्यापारियों और उपभोक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। सीएम योगी ने कहा कि यह रिफॉर्म भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और महंगाई कम करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होंगे।
महंगाई से राहत और होगा रोजगार सृजन
जीएसटी रिफॉर्म के तहत उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। इसके साथ ही बाजार में खपत बढ़ने से उत्पादन बढ़ा है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न हुए हैं। सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि यह रिफॉर्म उपभोक्ता, व्यापारी और राज्य की अर्थव्यवस्था सभी के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।