पढ़िए रेनू देवी की आत्मनिर्भरता की कहानी: जानिए कैसे बनी ‘लखपति दीदी’, मिशन शक्ति ने दिया नया मार्ग
लखनऊ: ग्राम धर्मपुर, ब्लॉक रुद्रपुर, जिला देवरिया की रेनू देवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की एक प्रेरक कहानी पेश की है। एक साधारण गृहिणी से ‘लखपति दीदी’ बनने तक का उनका सफर उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर संस्था (MPP) के सहयोग से संभव हुआ।
आज रेनू न केवल अपनी आर्थिक स्वतंत्रता हासिल कर रही हैं, बल्कि अपने गाँव की 69 महिलाओं को प्रेरित कर रही हैं। ये महिलाएं भी मिशन शक्ति के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।
जानिए कैसे की शुरुआत
रेनू देवी का सफर चमेली स्वयं सहायता समूह से शुरू हुआ। समूह में शामिल होकर उन्होंने सामूहिकता और बचत का पहला सबक सीखा। हालांकि समूह से होने वाली आय परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं थी। इस दौरान श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर संस्था* के दूध संकलन केंद्र (MPP) की स्थापना हुई।
संस्था की बैठकों में रेनू ने जाना कि गुणवत्ता वाले दूध के लिए उचित मूल्य, व्यवस्थित संग्रह और सीधे बैंक भुगतान की सुविधा मिलेगी। उन्होंने महसूस किया कि यह उनके लिए सम्मानजनक आजीविका और बचत का माध्यम बन सकता है।
इस तरह से किया व्यवसाय में विस्तार
संस्था से जुड़ने से पहले रेनू के पास केवल 2 गाय थीं, जिनसे उन्हें प्रतिदिन 4 लीटर दूध मिलता था। 7 दिसंबर 2023 को संस्था की सदस्य बनने के बाद उन्हें गुणवत्ता प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता मिली। इससे प्रेरित होकर उन्होंने 3 और गायें खरीदी और अब उनके पास कुल 5 गायें हैं, जिनसे प्रतिदिन 25 लीटर दूध प्राप्त होता है। यह दूध वे MPP केंद्र पर जमा करती हैं।
उनकी मेहनत रंग लाई और अब तक उन्होंने 4.50 लाख रुपये से अधिक का सालाना व्यवसाय स्थापित किया है। औसत मासिक आय 44 हजार रुपये से अधिक है, जो सीधे उनके बैंक खाते में जाती है, जिससे नियमित बचत और निवेश संभव हो रहा है।
दूसरों के लिए प्रेरणा बनी दीदी
रेनू देवी अब अपने तीन बच्चों को बेहतर शिक्षा दिला रही हैं और परिवार के अन्य सदस्यों की आर्थिक मदद भी कर रही हैं। उनका कहना है कि संस्था का समय पर भुगतान और योगी सरकार की योजनाओं ने उन्हें आत्मविश्वास और नई दिशा दी।
रेनू अब केवल अपनी नहीं, बल्कि अपने गाँव की महिलाओं की प्रेरणा बन गई हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक 69 महिलाएं संस्था से जुड़ चुकी हैं और आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ रही हैं।
मिशन शक्ति अभियान की दिखी भूमिका
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन शक्ति अभियान ने रेनू जैसी हजारों महिलाओं की जिंदगी पूरी तरह बदल दी है। यह अभियान ग्रामीण महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन का अवसर प्रदान करता है। महिला बीट पुलिस अधिकारियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा का आश्वासन दिया गया, जबकि ग्रामीण आजीविका मिशन ने उन्हें आर्थिक आजादी दी।