Hapur Accident: युवक की मौत, आगजनी और हाईवे जाम, कई थानों की पुलिस मौके पर
Hapur Accident: ई-रिक्शा और स्कॉर्पियो की भिड़ंत के बाद मौत, आगजनी और हाईवे जाम से मचा हड़कंप
हापुड़ जनपद में एक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव सरावनी के पास ई-रिक्शा और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोग उग्र हो उठे और देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने कार में आग लगा दी, जिससे हाईवे पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
Hapur Accident:हादसे के बाद बिगड़ा माहौल
जैसे ही ई-रिक्शा चालक के मौत की पुष्टि हुई, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। लोग सड़क पर उतर आए और स्कॉर्पियो चालक को पकड़ने की मांग करने लगे। मौके पर तनाव बढ़ता गया और देखते-देखते भीड़ ने कार को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी तेजी से भड़की कि कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई।
Hapur Accident:पुलिस और फायर बिग्रेड की तैनाती
हंगामे की सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को शांत करने और जाम खुलवाने की कोशिश की। इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। भीड़ की आक्रोश को देखते हुए मौके पर फायर बिग्रेड की टीम भी बुलाई गई। दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक स्कॉर्पियो पूरी तरह जल चुकी थी।
Hapur Accident:हाईवे पर घंटों जाम
घटना के बाद हापुड़-दिल्ली हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सैकड़ों वाहन हाईवे पर फंस गए और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया और अतिरिक्त फोर्स लगाकर हालात पर काबू पाया गया। पुलिस के आश्वासन और स्कॉर्पियो चालक की गिरफ्तारी की जानकारी के बाद लोगों ने धीरे-धीरे जाम खोला।
Hapur Accident:पुलिस का बयान
एडिशनल एसपी विनीत भटनागर ने बताया कि स्कॉर्पियो और ई-रिक्शा की भिड़ंत में ई-रिक्शा चालक की मौके पर मौत हो गई। स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि भीड़ द्वारा की गई आगजनी में शामिल शरारती तत्वों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Hapur Accident:परिजनों में कोहराम
ई-रिक्शा चालक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने परिवार का इकलौता सहारा था। ग्रामीणों ने भी उसकी मौत को लेकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की।
वाह रे Hapur के मजनू! लड़की को छेड़ने चला, पीठ पर पिटाई की डिजाइन छप गई