303 दिन की दुल्हन की हुई मौत – फांसी का फंदा देख बिलखते रहे मायके वाले
रिपोर्ट – मनीष भटनागर – कानपुर नगर
Kanpur News – उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बार फिर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला घाटमपुर के रेउना थाना क्षेत्र का है। जहां एक घर में नवविवाहिता का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची रेउना पुलिस ने नवविवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस नवविवाहिता के फांसी लगाने के कारण का पता लगा रही है।
बेटी को देख रोता रहा परिवार
विस्तृत जानकारी के अनुसार घाटमपुर थाना क्षेत्र के इटर्रा गांव निवासी विजय कश्यप ने बताया कि उन्होंने लगभग दस माह पहले अपनी बेटी काजल की शादी रेउना थाना क्षेत्र के किराव गांव निवासी प्रशांत कश्यप के साथ की थी। प्रशांत बाहर रहकर प्राइवेट कम्पनी में नौकरी करता है। शुक्रवार को पड़ोसियों ने नवविवाहिता के फांसी लगाने की सूचना फोन कर के परिजनों और पुलिस को दी। ससुराल पहुंचे परिजनों ने देखा कि उनकी बेटी काजल का शव घर के अंदर बने कमरे में साड़ी के सहारे फांसी छत के कुंडे से लटका हुआ है। जिसके बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी मिलते मौके पर पहुंची रेउना पुलिस ने नवविवाहिता के शव को उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस नवविवाहिता के फांसी लगाने के कारण की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने पड़ोसियों से घटना की जानकारी जुटाई हैं। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रेउना थानाध्यक्ष श्रवण कुमार तिवारी ने बताया कि नवविवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।