UP By-Election 2024: बवाल! कहीं महिलाओं का बुर्खा हटाने तो कहीं मतदाताओं को दौड़ाने का आरोप

0
up-by-election-2024-tension-police-voters-clash-news

UP By-Election 2024: उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव के लिए मतदान चल रहा है। 34,35,974 मतदाता 11 महिला प्रत्याशियों सहित कुल 90 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। हालांकि, मतदान प्रक्रिया के दौरान विभिन्न सीटों पर हंगामे और विवाद की खबरें सामने आ रही हैं। दोपहर 1 बजे तक के घटनाक्रम पर नजर डालें तो, मुजफ्फरनगर के ककरौली और मुझेड़ा सादात समेत कानपुर की सीसामऊ सीट पर सबसे अधिक विवाद हुआ है।

मुजफ्फरनगर: ककरौली और मुझेड़ा सादात में हंगामा

मुजफ्फरनगर के ककरौली में मुस्लिम मतदाताओं ने पुलिस पर वोट डालने से रोकने का आरोप लगाया है। विरोध में उन्होंने जाम लगाने की कोशिश की, जिसके बाद हालात बिगड़ गए और पुलिस पर पथराव की घटना हुई।

इसके अलावा, मीरापुर विधानसभा के मुझेड़ा सादात में बूथ नंबर 234 से 238 पर मतदाताओं ने पुलिस पर वोटिंग में बाधा डालने का आरोप लगाया। समाजवादी पार्टी (सपा) के समर्थकों ने हंगामा करते हुए दावा किया कि उनके बस्ते फेंक दिए गए और लाठीचार्ज किया गया।

हालांकि, मुजफ्फरनगर एसएसपी अभिषेक सिंह ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंचकर बल प्रयोग की पुष्टि की और कहा कि यह एक छोटी झड़प थी जिसे तुरंत शांत कर दिया गया।

up-bypoll-election-2024-tension-police-voters-clash-news

कानपुर: सीसामऊ सीट पर विवाद

कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट पर भी मतदाताओं और पुलिस के बीच टकराव देखने को मिला। कई मतदाताओं ने पुलिस पर अभद्रता और परेशान करने का आरोप लगाया। सीसामऊ के जीआईसी बूथ पर मतदाता नगमा परवीन ने शिकायत की कि वोट डालने के बावजूद ना लाइट जली और ना पर्ची निकली।

वहीं, सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्रों पर वोटरों से मारपीट की जा रही है। साथ ही मकबरा मोहल्ले में बैरिकेडिंग लगाकर रास्ते बंद कर दिए गए हैं, जिससे मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने में दिक्कत हुई है। यही नहीं, बल्कि सपा नेता नीलम रोमिला सिंह ने पुलिस पर हिजाब हटाने और पहचान पत्र चेक करने के नाम पर महिलाओं को परेशान करने का आरोप भी लगाया है।

सपा और भाजपा के आरोप-प्रत्यारोप

सपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि पुलिस मतदाताओं को वोट डालने से रोक रही है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों द्वारा आधार कार्ड लिंक न होने का बहाना बनाकर मतदाताओं को भगाया जा रहा है।

https://platform.twitter.com/widgets.js

दूसरी ओर, भाजपा ने दावा किया कि फर्जी पहचान पत्र के जरिए मतदान कराया जा रहा है। भाजपा ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि कानपुर की सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र स्थित मस्जिदों और मदरसों में बाहर से आए लोगों को ठहराया गया है। भाजपा ने फर्जी मतदान के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

शांतिपूर्ण मतदान एक बड़ी चुनौती

बहरहाल, यूपी उपचुनाव का यह दिन विभिन्न विवादों और हंगामों से भरा रहा। मतदान प्रक्रिया पर उठे सवाल और आरोपों के बीच चुनाव आयोग की भूमिका पर भी नजरें हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।

About The Author

Leave a Reply

Discover more from ROCKET POST LIVE

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading