MUZAFFARPUR NEWS: होली के चलते रोज पकड़ी जा रही विदेशी शराब, इस बार तस्करों ने लगाया अनोखा दिमाग
MUZAFFARPUR NEWS: उत्पाद विभाग की टीम ने अहियापुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कारवाई करते हुए विदेशी शराब की बड़ी खेप को जब्त किया है। आपकों बताते चलें कि होली को लेकर अहियापुर थाना क्षेत्र के जीरोमाइल और आसपास के क्षेत्रों में शराब कारोबारियों के द्वारा दिल्ली से गुवाहाटी जा रही एक कंटेनर ट्रक से विदेशी शराब की खेप मंगवाई थी।
दरअसल, उत्पाद विभाग की एसआई सोनी महिवाल को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप जिले के अहियापुर से जीरोमाइल के बीच आने वाली हैं। जिसके बाद उत्पाद विभाग के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने शाम से ही इलाके में छापेमारी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने अहियापुर क्षेत्र से शेखपुर ढाब तक कई जगहों पर हाथ-पांव मारे, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
अनलोड की जा रही थी शराब, पहुंची पुलिस
जिसके बाद टीम वापस लौट रहीं थी। इसी दौरान देर रात्रि में पुलिस को अहियापुर थाना क्षेत्र के बाजार समिति स्थित फल मंडी के पास एक यूपी नंबर का कंटेनर खड़ा मिला। वहीं, उस कंटेनर से उतारकर सैंकड़ों की संख्या में विदेशी शराब के कार्टन सड़क किनारे रखे गए थे। उधर, टीम को आते देख शराब तस्कर और ट्रक चालक मौके से फरार हो गए। टीम के द्वारा जब कार्टन की तलाशी ली गयी तो उसमें विदेशी शराब मिली। जानकारी करने पर पता लगा कि ट्रक उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद ज्योतिबा फुले नगर का है। वहीं इस पर लदी शराब चंडीगढ़ निर्मित है।
