कानपुर में हुआ दिल दहलाने वाला खुलासा, भांजे के प्यार में पागल मामी ने की पति की हत्या, नमक से गलाया शव
कानपुर के सचेंडी क्षेत्र के लालूपुर गांव से रिश्तों को कलंकित करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने भांजे के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और लाश को खेत में दफना दिया। पुलिस जांच के दौरान 10 महीने बाद इस वारदात का खुलासा हुआ।
कैसे हुई हत्या की साजिश
मृतक शिवबीर (45) की पत्नी लक्ष्मी का अवैध संबंध भांजे अमित से था। अक्टूबर 2024 में मायके जाने के बहाने लक्ष्मी ने अमित के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई। इसके बाद 2 नवंबर 2024 को लक्ष्मी ने पति को चाय में नशीली दवा पिलाई। जैसे ही वह बेहोश हुआ, दोनों ने मिलकर उसके सिर पर रॉड से वार कर दिया। मौके पर ही शिवबीर की मौत हो गई।
शव को छिपाने का प्रयास
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घर के पीछे खेत में दफना दिया। साजिश को गहरा करने के लिए उस पर 12 किलो नमक डालकर जल्दी गलाने की कोशिश की गई। कुछ महीनों बाद कुत्तों ने खेत से हड्डियां निकाल लीं। घबराए लक्ष्मी और अमित ने अवशेष इकट्ठा कर बोरे में भर दिए और पनकी नहर में फेंक आए।
गुमशुदगी रिपोर्ट और जांच
6 मई 2025 को मृतक की मां सावित्री देवी ने सचेंडी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को संदेह जताया कि बहू और नाती ने मिलकर ही हत्या की है। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली तो सामने आया कि लक्ष्मी और अमित लगातार देर रात तक बातचीत करते थे।
पुलिस पूछताछ में कबूल किया गुनाह
सख्त पूछताछ के बाद लक्ष्मी और अमित ने जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के घर से हत्या में इस्तेमाल रॉड और फावड़ा बरामद कर लिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम को खेत से हड्डियों के अवशेष और अन्य साक्ष्य मिले हैं।
आरोपियों का बयान
लक्ष्मी का कहना है कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता था। वहीं अमित ने स्वीकार किया कि उसका लक्ष्मी से प्रेम संबंध था और शिवबीर उनके रिश्ते का विरोध करता था। इसी कारण दोनों ने हत्या को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। यह मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।