देखिए कानपुर कमिश्नर पुलिस की बदमाश से हुआ आमना-सामना, मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया जावेद
कानपुर। थाना नरवल क्षेत्र के ग्राम पूरनपुर के बाहर खेत से लगे जंगल में मंगलवार को गोवंश वध की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोग गोवंश की हत्या कर उसका मांस ले जाने का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कार्रवाई शुरू की।
जानिए कहां का है जावेद
इसी दौरान ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम जावेद पुत्र नफीस, निवासी पेंचबंग चमड़ा मंडी थाना बेकनगंज बताया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गोवंश वध की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।
फरार होने की फ़िराक में था जावेद
इसके बाद पुलिस जब आरोपी को घटनास्थल दिखाने और अन्य अभियुक्तों की तलाश हेतु साथ ले जा रही थी, तभी उसने पुलिस को धक्का देकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने झाड़ियों में छुपा रखा असलहा निकालकर पुलिस टीम पर फायर कर दिया। हालांकि, पुलिस ने आत्मरक्षा में नियमानुसार जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी जावेद के पैर में गोली लगी।
पुलिस टीम ने तत्काल घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी सरसौल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से एक 12 बोर की बंदूक, एक जिंदा कारतूस, एक पल्सर मोटरसाइकिल और गोवंश का मांस बरामद हुआ।
अब साथियों की तलाश में पुलिस
पूछताछ में जावेद ने अपने दो साथियों के नाम भी बताए। उसके अनुसार, इस घटना में अनस पुत्र अरसद निवासी चमनगंज और विजय नामक व्यक्ति भी शामिल थे। फिलहाल पुलिस टीम शेष अभियुक्तों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
इस घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और गोवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम से स्पष्ट होता है कि कानपुर पुलिस सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अपराध पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं, ग्रामीणों की सक्रियता से समय पर सूचना मिलने के कारण आरोपी को पकड़ने और मामले का खुलासा करने में पुलिस को सफलता मिली।