कानपुर समाचार – लुटेरी दुल्हन के शिकार में फस चुके हैं दो पुलिस वाले, जानिए कैसे तलाशती थी अपना निशाना
रिपोर्ट – ज्ञानेंद्र कुमार शुक्ला – कानपुर नगर
Kanpur News – थाना नजीराबाद में लुटेरी दुल्हन का मामला अभी ठंडा नहीं पड़ा था कि कल्याणपुर में एक और लुटेरी दुल्हन ने फेसबुक से दोस्ती कर सिपाही सहित कई लोगों को अपना शिकार बना डाला। महिला पहले की तरह अपने आपको पीड़ित बताकर कल्याणपुर पुलिस से मदद लेने गई, जहां पीड़ित सिपाही भी पहुंच गया। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो जालसाज लुटेरी दुल्हन के चेहरे से पर्दा उठने लगा। कुछ ही देर बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सिपाही इस तरह से बना था शिकार
पुखरायां कानपुर देहात निवासी सिपाही शिवम जो इस समय सीतापुर जेल में तैनात हैं ने बताया कि संगीता देवी उर्फ संगीता पाल से फेसबुक के माध्यम से दोस्ती हुई थी। संगीता ने अपने प्रेम जाल में फांस कर बीते जून को मंधना स्थित आर्य समाज मंदिर से विवाह कर लिया। शादी में संगीता के परिजनों में पिता दयाराम, भाई प्रमोद पाल, भाभी बबिता शामिल रही। शादी के बाद वह संगीता के साथ कल्याणपुर स्थित मकान में रहने लगा।
कुछ दिनों बाद संगीता ने पैसे और मकान को लेकर कलह शुरू कर दी। इसी दौरान संगीता ने स्काई कैमरे से उसके साथ के अश्लील वीडियो बना लिए, जिसके बाद से दस लाख रुपए और मकान की मांग करने लगी। उसके द्वारा मना करने पर वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने और बलात्कार का मुकदमा लिखाने की धमकी देने लगी। जिसकी शिकायत संगीता के पिता भाई और भाभी से की, लेकिन वह भी संगीता की मांग मान लेने की बात करते हुए धमकी दी। जिसके बाद से वह लगातार अधिकारियों से गुहार लगाता रहा था। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इधर संगीता उसके ऊपर मुकदमा लिखाने के लिए पुलिस के चक्कर लगा रही थी। वह सबूत के साथ कल्याणपुर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने संगीता का काला चिट्ठा खोल दिया। कल्याणपुर पुलिस ने छानबीन की तो लुटेरी दुल्हन के चेहरे से पर्दा उठने लगा। पुलिस ने थाने आई संगीता से पूछताछ की तो कई राज खुले। पुलिस ने संगीता को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
जानिए संगीता का सच
पीड़ित शिवम ने आगे बताया कि मूलरूप से रसूलाबाद कानपुर देहात निवासी संगीता ने 2017 में अकबरपुर निवासी आनंद बाबू से शादी की थी। दो साल तक साथ में रहने के बाद पति को नपुंसक बताकर रुपए ऐंठ लिए। और दूसरे शिकार की तलाश में लग गई।
पैसा कमाने के लालच में संगीता ने सरकारी नौकरी करने वालों को फंसाना चालू कर दिया और बिना तलाक लिए जिला गाजीपुर कमालपुर निवासी सिपाही विनय कुमार यादव जो इस समय एमपी के शहानाबाद थाने में तैनात है को फेसबुक के माध्यम से प्रेम जाल में फांस कर उसके अश्लील विडियो बनाए और पैसे की मांग करते हुए सिपाही के खिलाफ कोर्ट ने मुकदमा भी डाला जिसमे समझौते के नम्बर 15 लाख रुपए ले लिए।
करा रखी थी प्लास्टिक सर्जरी
संगीता पर लगे आरोपों को सही माना जाए तो लुटेरी दुल्हन ने गुप्तांक सहित शरीर की प्लास्टिक सर्जरी करा रखी थी। जिससे प्रेमजाल में फंसे प्रेमी को संबंध बनाते समय वह कुंवारी लगे और उस पर किसी प्रकार का शक न हो।
तलाक दिए बिना करती रही शादी
लुटेरी दुल्हन संगीता पहले पति को बिना तलाक दिए ही अपने शिकार तलाश कर शादी का ढोंग करती रही और मुकदमे में फंसाने के नाम पर लाखों रुपए ठगती रही। लेकिन इस बार वह अपने ही जाल में फंस गई और पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए उसे जेल का रास्ता दिखा दिया।
शक गहराने के बाद की छानबीन
पीड़ित सिपाही शिवम ने बताया कि शादी के बाद संगीता के हाव भाव बदलने पर उसे शक गहराया और उसकी सच्चाई जानने में लग गया। उसकी पिछली जिंदगी की सच्चाई बाहर आई तो वह दंग रह गया और अपने आपको ठगा महसूस करने लगा। वह छानबीन कर सारे सबूत इकट्ठा करता गया, जिसके बाद पुलिस से गुहार लगाई। इस काम में संगीता के परिजन भी उसके इस गोरखधंधे में बराबर से साथ देते थे। शादी के दौरान संगीता की भाभी बबिता गवाह बनी थी।