कानपुर में महिला वेशभूषा में घूम रहा था ये व्यक्ति, शक के भूत ने की पिटाई, पढ़िए पुलिस जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच

0
3b027b6c-ae14-4325-b2e1-b7095e366336

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बार फिर अफवाहों और शक की वजह से अजीब स्थिति उत्पन्न हो गई। रावतपुर थाना क्षेत्र के मसवानपुर इलाके में महिला के भेष में घूम रहे एक व्यक्ति की भीड़ ने पिटाई कर दी। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे कस्टडी में लेकर पूछताछ की और जो तथ्य सामने आए वह चौंकाने वाले थे।

पढ़िए पूरा घटनाक्रम?

मसवानपुर क्षेत्र में जब स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को महिला के रूप में घूमते देखा, तो उन्होंने उसे संदिग्ध मानकर बिना किसी पूछताछ के पीटना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से यह स्पष्ट हुआ कि वह व्यक्ति रविंद्र कुमार मौर्य, निवासी नौबस्ता है।

जानिए क्यों किया महिला का वेश धारण?

पुलिस जांच में सामने आया कि रविंद्र कुमार को शक था कि उसकी भतीजी का कोई युवक पीछा कर रहा है। इसी कारण वह महिला का वेश धारण करके उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था। दुर्भाग्यवश, जब भीड़ ने उसे पकड़ा और पीटना शुरू किया तो उसकी भतीजी भी मौके पर पहुँची। पहचान करने पर उसने लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन ग़लतफ़हमी में उसे भी भीड़ ने पकड़ लिया और मारपीट की कोशिश की।

पुलिस करेगी कार्रवाई और चेतावनी

घटना में घायल रविंद्र कुमार का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। वहीं, जिन लोगों ने भीड़ में मारपीट की, उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस मामले में स्पष्ट किया है कि जांच पूरी निष्पक्षता से की जाएगी और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है।

एक बार फिर जनता से पुलिस की अपील

कानपुर नगर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी को संदिग्ध मानकर स्वयं कार्रवाई न करें। यदि किसी व्यक्ति पर शक हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सतर्कता आवश्यक है, किंतु कानून अपने हाथ में लेना गलत है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि ऐसी किसी भी सूचना पर त्वरित संज्ञान लिया जाएगा और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

जनता को होना पड़ेगा जागरूक 

यह घटना इस बात का उदाहरण है कि अफवाह और शक किस तरह से गंभीर परिस्थिति पैदा कर सकते हैं। समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जरूरी है कि लोग कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में पुलिस को तुरंत अवगत कराएं।

About The Author

Leave a Reply

Discover more from ROCKET POST LIVE

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading