सीएम योगी आदित्यनाथ की सबसे बड़ी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आज, जानिए किन कार्यों की होगी समीक्षा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश की कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा के लिए शुक्रवार शाम 7 बजे एक महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक मुख्यमंत्री आवास 5, कालिदास मार्ग पर आयोजित होगी, जिसमें पूरे प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल होंगे।
कानून व्यवस्था और प्रशासन पर रहेगा बड़ा फोकस
बैठक का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गहन चर्चा करना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पेट परीक्षा, खाद उपलब्धता, बाढ़ प्रबंधन और आईजीआरएस से जुड़ी शिकायतों की भी समीक्षा करेंगे। इससे जिलों में आम जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा और तेज होने की उम्मीद है।
प्रदेश के सभी जिलों के अफसर होंगे शामिल
इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रदेश भर के डीएम, कप्तान, पुलिस आयुक्त और मंडलायुक्त शामिल होंगे। इसके अलावा सभी एडीजी, आईजी और डीआईजी को भी निर्देश दिया गया है कि वे समय पर जुड़ें। मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में यूपी के डीजीपी राजीव कृष्ण और एडीजी एलओ अमिताभ यश मौजूद रहेंगे। साथ ही प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव गृह भी शामिल होंगे। विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिवों को भी जुड़ने के निर्देश जारी किए गए हैं।
विकास कार्यों पर होगी विस्तृत समीक्षा
कानून व्यवस्था के साथ-साथ विकास कार्यों पर भी बैठक में चर्चा होगी। कृषि, सहकारिता, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी भी जुड़ेंगे। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ, नगर आयुक्त और पर्यटन-परिवहन विभाग से जुड़े अधिकारी भी समीक्षा में भाग लेंगे।
सीएम का यह प्रयास संभालेंगा कानून व्यवस्था
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें विकास कार्यों, आपदा प्रबंधन और जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया जाएगा। इससे न केवल शासन की कार्यप्रणाली मजबूत होगी, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही भी बढ़ेगी।