कानपुर: लव मैरिज के 77 दिन बाद नवविवाहित दंपति ने की आत्महत्या, आगे पढ़िए और जानिए क्यों
#image_title
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के नौबस्ता क्षेत्र में एक नवविवाहित दंपति ने शादी के केवल 77 दिन बाद ही आत्महत्या कर ली। इस घटना ने न सिर्फ परिवार को बल्कि पूरे मोहल्ले को भी सदमे में डाल दिया है।
आगे पढ़िए
दरअसल, मोहम्मद सईद के चौथे बेटे साजिद का अपने ही मोहल्ले की रहने वाली सोफिया से लंबे समय से प्रेम संबंध था। सोफिया अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। दोनों परिवार उनके रिश्ते से सहमत थे और 17 जून को निकाह संपन्न हुआ। इस शादी में दोनों परिवारों ने खुशी-खुशी हिस्सा लिया। विवाह के बाद साजिद और सोफिया परिवार के साथ ही रहने लगे।
बाजार से लौटने के बाद दंग रह गए परिजन
मंगलवार की दोपहर दोनों पति-पत्नी बाजार गए और करीब आधे घंटे बाद वापस लौट आए। इसके बाद घर का माहौल सामान्य रहा। हालांकि, थोड़ी देर बाद जब साजिद का भाई ऊपर गया तो उसने देखा कि दंपति कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटक रहे हैं। यह देखकर परिवारजन घबरा गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवारजन शुरू में पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद वे तैयार हुए।
सुसाइड की जताई आशंका
डीसीपी दक्षिण डीएन चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों ने यह कदम क्यों उठाया। आशंका जताई जा रही है कि बाजार से लौटने के दौरान उन्होंने ऐसा कोई सामान खरीदा हो सकता है जो इस फैसले से जुड़ा हो। लेकिन असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
गौरतलब है कि शादी दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी और दंपति के बीच किसी तरह के विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है। इस वजह से अचानक लिया गया यह कदम सभी के लिए हैरानी का कारण बना हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और परिवारजन व आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।