झांसी दौरे पर सीएम योगी ने की अधिकारियों संग अहम् बैठक, पढ़ें कानून व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
झांसी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को झांसी दौरे के दौरान कन्वेंशन सेंटर में स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का उद्देश्य जनपद में विकास कार्यों की समयबद्ध प्रगति और कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करना था।
मुख्यमंत्री ने बैठक में बुंदेलखंड क्षेत्र की विकास परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। अधिकारियों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जनपद के विकास कार्यों, पेयजल परियोजनाओं और कानून व्यवस्था का ब्यौरा सीएम के सामने रखा।
विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
सीएम योगी ने विशेष रूप से बीडा परियोजना के अंतर्गत जमीन आवंटन और निवेशकों को निवेश प्रक्रिया शुरू करने में सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेश के लिए प्रस्ताव आने से पहले भूमि अधिग्रहित हो और युवाओं को प्रशिक्षित कर उद्योगों में रोजगार सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा, एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि वाली परियोजनाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने और नियमित निरीक्षण कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही, अतिवृष्टि से हुए किसानों के नुकसान की भरपाई तत्काल करने और अनुदान राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर करने के लिए भी सीएम ने स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि माफिया और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस अपनाया जाए और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर स्थानीय समस्याओं का समाधान करें।
त्योहारों के मद्देनजर पुलिस को अधिक फुट पेट्रोलिंग करने और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा, मिशन शक्ति के तहत स्कूल जाने वाली बालिकाओं के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की घटना रोकने के लिए भी सख्ती बरतने को कहा गया।
स्वयं सहायता समूह और गोबर पेंट का प्रयोग
मुख्यमंत्री ने महिलाओं की स्वयं सहायता समूह की पहल को बढ़ावा देते हुए निर्देश दिया कि गोबर से बने पेंट का उपयोग सभी सरकारी भवनों में किया जाए। यह कदम न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा बल्कि पर्यावरण के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है।
सीएम ने तुलसी उत्पादन से जुड़े किसानों को लाभान्वित करने के लिए अफसरों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तुलसी उत्पादन को स्थानीय वैद्यनाथ फर्म से जोड़ा जाए, जिससे किसानों को अधिक लाभ मिल सके।
स्वास्थ्य और टीबी मुक्त अभियान
सीएम ने जनपद को टीबी मुक्त बनाने के अभियान को तेज करने के लिए जनप्रतिनिधियों को प्रेरित किया कि अधिक से अधिक मरीजों को गोद लें और उपचार सुनिश्चित करें।
बैठक में उपस्थित प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ उर्फ मन्नू कोरी, झांसी के मेयर बिहारी लाल आर्य, सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, मऊरानीपुर विधायक डॉ. रश्मि आर्य, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, एमएलसी रमा निरंजन, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, एमएलसी डॉ. बाबू लाल तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, झांसी मंडल के कमिश्नर बिमल कुमार दुबे, डीआईजी आकाश कुलहरि, डीएम मृदुल चौधरी, और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।