Hardoi Road Accident: तेज रफ़्तार DCM ने ली 10 की जान, 5 अस्पताल में लड़ रहे जिंदगी की जंग
Hardoi Road Accident: हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 10 लोगों की मौत की सूचना सामने आई है, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा बिल्हौर-कटरा स्टेट हाईवे पर रोशनपुर गांव के पास हुआ, जब एक तेज रफ़्तार डीसीएम अचानक टेम्पो के सामने आ गया। हादसे के बाद डीसीएम का चालक और हेल्पर मौके से फरार हो गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन और पुलिस की कार्रवाई
बताया जा रहा है हादसा इतना भीषण था कि टेम्पो कई फीट तक पलटता हुआ गया, जिस कारण सवारियां उछल कर इधर उधर जा गिरीं। उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिलग्राम में भर्ती कराया, जहां 3 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी घायलों का इलाज जारी है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है।
मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में 5 महिलाएं, 2 बच्चियों, 1 बच्चे और 2 पुरुषों की जान गई है। यह हादसा इतना भयानक था कि कई लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और पुलिस भी घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद से डीसीएम का चालक और उसका सहायक मौके से फरार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।