Pilibhit News: दुकान शराब की और पर्ची रोडवेज बस की.. ग्राहक के उड़े होश, कहा- ‘सब गोलमाल है’
Pilibhit News: पीलीभीत जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति द्वारा ऑनलाइन पेमेंट कर शराब खरीदने पर जो पर्ची उसे मिली, वह देख उसके होश उड़ गए। दरअसल, परिवहन निगम की बसों में टिकट मशीन से निकलने वाले टिकट के कागज पर दुकानदार ने शराब का बिल छापा हुआ था।
बता दें कि पीलीभीत शहर के बस अड्डे के पास नौगवां चौराहे पर अंग्रेजी शराब की दुकान है। इस दुकान पर ई-पॉश मशीन लगाई गई है। जिससे ग्राहक कार्ड द्वारा या यूपीआई कर शराब खरीद सकते हैं। बीते शनिवार की शाम करीब 8 बजे एक व्यक्ति ने यहां से कार्ड स्वैप कर शराब खरीदी। बदले में दुकानदार ने ग्राहक को मशीन से निकाल कर प्रिंटेड बिल दे दिया।
ग्राहक ने बिल को जब ध्यान से देखा तो वह हैरान रह गया। ऐसा इसलिए कि जिस कागज पर बिल मशीन से प्रिंट होकर निकला था, वह कागज परिवहन निगम की बसों में इस्तेमाल होने वाली टिकट मशीन में लगता है। आपको बता दें कि परिवहन निगम की बसों की टिकट मशीन में इस्तेमाल होने वाले कागज का रोल मुख्यालय से मिलता है। डिपो पर आने के बाद जब मशीन में कागज का रोल लगता है, उसके बाद प्रिंट होकर डिपो का नाम और बस नंबर आता है।

तस्वीर में आप साफतौर पर देख सकते हैं कि शराब की दुकान से मिले बिल पर परिवहन निगम का लोगो बना हुआ है। साथ ही बिल के दाएं तरफ लाल रंग से परिवहन निगम की टैगलाइन (परिवहन निगम आपका अपना साथी) भी लिखी हुई है। वहीं इसी बिल पर शराब की दुकान का पता, टाइम और अड्रेस भी है।
अब सवाल यह है कि आखिर दुकान की ई-पॉश मशीन में यह रोल कहां से आया ? इस मामले पर पीलीभीत डिपो के एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव से जब सवाल किया गया तो उन्होंने छुट्टी का बहाना बनाकर मामले से अनभिज्ञता जताई। लेकिन यह घटना रोडवेज की टिकट मशीन में लगने वाले पेपर के घोटाले की ओर इशारा कर रही है।
यह भी पढ़ें -:
https://atomic-temporary-202760825.wpcomstaging.com/bareilly-news-maulana-tauqeer-raza-viral-video/