BANDA NEWS: प्रधानमंत्री आवास की पहली किस्त पाकर नहीं कराया कार्य तो हो जाएं सावधान, वसूली के आदेश जारी
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अन्तर्गत जनपद की 02 नगर पालिकाओं और 06 नगर पंचायतो में योजना के प्रारम्भ से अब तक कुल 19558 आवास स्वीकृत हो चुके है । पात्र लाभार्थियों को चरणवार प्रथम किश्त में पचास हजार रुपए द्वितीय किश्त में एक लाख पचास हजार रुपए तथा आवास पूर्ण करानें पर अन्तिम किश्त के रूप में पचास हजार रुपए का भुगतान लाभार्थियों के खाते में किया जा रहा है ।
शासन ने निर्देश जारी किए हैं की जिन लाभार्थियों ने प्रथम किश्त के पचास हजार रुपए की धनराशि लेकर अभी तक फाउन्डेशन का कार्य नही कराया है तो उनके आवास लाभ को निरस्त कर दिया जाएगा और उनको भुगतान की गयी धनराशि की राजस्व वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
बॉंदा नगर पालिका क्षेत्र के 84 लाभार्थी, अतर्रा नगर पालिका क्षेत्र के 20 लाभार्थी, नगर पंचायत क्षेत्र मटौंध के 09, नगर पंचायत क्षेत्र बबेरू के 07, नगर पंचायत क्षेत्र बिसण्डा के 12, नगर पंचायत क्षेत्र नरैनी के 07, नगर पंचायत क्षेत्र ओरन के 05 एवं नगर पंचायत क्षेत्र तिन्दवारी के 02 अर्थात कुल 146 लाभार्थियों ने प्रथम किश्त की धनराशि प्राप्त करने के बाद भी फाउन्डेशन का कार्य पूर्ण नही कराया है । इन डिफाल्टर लाभार्थियों को कार्यालय स्तर से अनेको नोटिस के साथ ही सम्बन्धित थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारियों एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर भी चेतावनी दिये जाने के बावजूद फाउन्डेशन का कार्य नही कराया गया तथा न ही प्राप्त की धनराशि वापिस जमा की गयी है ।
इन 146 लाभार्थियों की सूची डूडा कार्यालय बॉंदा, सम्बन्धित नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्र में चस्पा करते हुये चेतावनी दी गयी है कि यदि 05 दिवस के अन्दर फाउन्डेशन लेबिल का कार्य न कराये जाने के समुचित कारण के सम्बन्ध में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत नही करते है तो इनके स्वीकृत आवास को निरस्त करते हुये करटेलमेन्ट की कार्यवाही करते हुये दी गयी धनराशि की राजस्व विभाग से वसूली की कार्यवाही प्रस्तावित कर दी जायेगी जिसका सम्पूर्ण उत्तरदायित्व सम्बन्धित लाभार्थी का होगा ।