कानपुर के चिड़ियाघर में खुशियों की लहर – मादा गैंडा ने बच्चे को दिया जन्म
रिपोर्ट – शिवा शर्मा – कानपुर नगर
Kanpur News – कानपुर प्राणि उद्यान के लिए सोमवार का दिन खुशियों से भरा रहा। जिसका मुख्य कारण है जू परिसर में पूरे आठ साल बाद मादा गैंडा ने एक बच्चे को जन्म दिया है। जिसको लेकर प्रशासनिक अधिकारी इस नए मेहमान की सुरक्षा व्यवस्था में लग चुके हैं। जिसे विशेष निगरानी में रखा गया है।
आठ साल जन्मा दूसरा बच्चा
विशेष जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह गर्भवती मादा गैंडा मानू ने एक बच्चे को जन्म दिया है। जिसकी सूचना मिलते ही चिड़ियाघर प्रशासन के अधिकारी प्राणी उद्यान के उस परिसर में पहुंच गए। जहां बच्चे का जन्म हुआ था। कुछ ही देर में मेडिकल टीम भी आई और अपनी देखरेख में बच्चे को स्वस्थ पाया। जो वर्तमान में प्राणि उद्यान प्रशासन की सघन निगरानी में है। प्राणि उद्यान प्रशासन द्वारा जन्मे गैंडा पर लगातार निगरानी की जा रही है। तथा उसे अनुकूलित परिवेश देने हेतु पूर्ण प्रयास किये गए हैं। जिसके फलस्वरूप वह सुरक्षित है। आपको बताते चलें कि लगभग 08 वर्ष के पश्चात् कानपुर प्राणि उद्यान, कानपुर में मादा गैंडा ने बच्चे को जन्म दिया है। इस दुर्लभ प्रजाति के बच्चे के जन्म होने से वन्यजीव प्रेमियों में हर्ष की लहर है। इसके पूर्व वर्ष 2015 में मादा मानू द्वारा ही एक बच्चे को जन्म दिया गया था। जिसका नाम कृष्णा रखा गया था।
जल्द होगा नामकरण
इस संबंध में क्षेत्रीय वन अधिकारी नावेद इकराम ने बताया कि कृष्णा गैंडे की तरह इस बच्चे का नाम भी रखा जाएगा। जिसको लेकर सभी के मन में उत्साह दिख रहा है और हम नाम की तलाश में हैं।