एक लाख “दीपोत्सव” से जगमग हो उठा था “मां कुष्मांडा देवी” का मंदिर – आप भी देखिए “झलक”
रिपोर्ट – मनीष भटनागर – कानपुर नगर
Kanpur News – घाटमपुर में नवरात्रि के चतुर्थ स्वरूप मां कूष्मांडा देवी मंदिर में बुधवार की शाम दीप दान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान यहां पर सूरज ढलते ही एक साथ हजारों की संख्या में दीपक की रौशनी से पूरा प्रांगण जगमग सा हो उठा। नगर के अलावा दूर-दराज से आए भक्तों ने मां कुष्मांडा देवी के दरबार में भोग प्रसाद चढ़ाया और पूजा अर्चना की। वहीं दीप दान देखने के लिए हजारों की संख्या में भक्त पहुंचे हुए थे। जिसके चलते मंदिर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा के मद्देनजर दो घंटे रूट डायवर्ट भी किया गया था।
एक लाख दीपक की रोशनी से बदला था नजारा
भक्तों ने बताया कि नवरात्र पर्व की चतुर्थी तिथि को यह आयोजन बीते कई वर्षों से लगातार जारी है। बुधवार की शाम जहां एक ओर सूरज ढल रहा था। वहीं दूसरी ओर मंदिर परिसर में भक्त माता की अगवानी में दीप जला रहे थे। देखते ही देखते एक साथ रोशन हुए एक लाख दीपों की झिलमिल रोशनी से पूरा मंदिर परिसर जगमग हो उठा। वहीं मंदिर परिसर में स्थित तालाब, परिक्रमा मार्ग, यज्ञशाला और मुख्यद्वार पर की गई बिजली की झालरों की विशेष सजावट यहां पर आए हुए भक्तों के मन को मोहती रही। यहां पर लगभग सात लाख झालरों से मंदिर परिसर की सजावट की गई है।
पहला दीप एडीएम ने किया प्रज्वलित
दीप दान कार्यक्रम में बुजुर्ग, युवक, बच्चे, युवतियां और महिलाएं उत्साह के साथ शामिल हुए। इस दौरान यहां पर पहुंचे कानपुर एडीएम दीप प्रज्वलित करके दीपदान कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तो वहीं घाटमपुर नगरपालिका अधिकारी डॉक्टर महेन्द्र कुमार ने बताया की मां कूष्मांडा देवी मंदिर परिसर में आयोजित दीपदान पर्व में भक्तों की सुविधा के विशेष इंतजाम किए गए। यहां पर समय समय पर माइक के जरिए भक्तों को दिशा-निर्देश दिए जा रहे है। वहीं, मेले में खोया पाया केंद्र बनाया गया है, मंदिर परिसर में भक्तों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहा।