Samarth UP 2047: पीलीभीत प्रशासन का सपनों को साकार करने की ओर बड़ा कदम, जानिए विशेषज्ञों की राय
Samarth UP 2047: समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047 महाभियान का शुभारम्भ
जनभागीदारी से 2047 तक विकसित प्रदेश बनाने का लक्ष्य, मंडलायुक्त सहित जिलाधिकारी ने किया आह्वान
पीलीभीत उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2047 तक राज्य को एक विकसित प्रदेश के रूप में स्थापित करने की दिशा में ‘समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ नामक महत्वाकांक्षी अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का शुभारम्भ पीलीभीत में दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में मंडलायुक्त बरेली मंडल सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, राज्य अतिथि प्रो. एम.के. सिंह (महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय), डॉ. एस.एस. ढाका (सरदार वल्लभभाई पटेल प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय), मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास, नोडल अधिकारी संजय कुमार सहित जिले के अधिकारी, शिक्षक, उद्यमी, कृषक, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि, श्रमिक संगठन, मीडिया और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Samarth UP 2047: सभी नागरिकों की भागीदारी से तय होगा आगे का भविष्य
कार्यक्रम के दौरान मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने कहा कि यह अभियान हर नागरिक को अपनी राय और सुझाव प्रस्तुत करने का अवसर देता है। इससे योजनाएं न केवल अधिक प्रभावी बनेंगी बल्कि विकास की राह में हर वर्ग का योगदान सुनिश्चित होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे सक्रिय रूप से इस अभियान में जुड़कर पीलीभीत और प्रदेश की प्राथमिकताओं व संभावनाओं को नीतियों में उच्च स्थान दिलाएं।
Samarth UP 2047: शिक्षा के साथ उद्योग-व्यापार को प्रेरित करने की जरूरत
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाने के लिए अभी से तैयारी करनी होगी। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ उद्योग, व्यापार और उद्यमिता की ओर प्रेरित करने की जरूरत पर पूर्ण बल दिया। साथ ही बताया कि पर्यटन, वन, स्वयं सहायता समूह और मेडिकल टूरिज्म को मिलाकर पीलीभीत की अर्थव्यवस्था को तेज़ गति दी जा सकती है।
Samarth UP 2047: कृषि और अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने पर जोर
राज्य अतिथि प्रो. एम.के. सिंह ने बताया कि पिछले आठ वर्षों में कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य और निवेश के क्षेत्रों में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान तभी सफल होगा जब इसे जन आंदोलन के रूप में चलाया जाए।
राज्य अतिथि डॉ. एस.एस. ढाका ने कहा कि भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य है। इसमें उत्तर प्रदेश की 6 ट्रिलियन डॉलर की हिस्सेदारी तय करनी होगी। इसके लिए हर नागरिक की भागीदारी बहुत ही आवश्यक है।
Samarth UP 2047: ये हैं किसानों सहित उद्योग के लिए नई संभावनाएँ
विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और रणनीतियों को विस्तार से साझा किया।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि बासमती चावल के निर्यात, लीची और सेब की खेती, ऑर्गेनिक खेती और मोती की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि किसानों की आय कई गुना बढ़ सके।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि पशु नस्ल सुधार और ग्राम स्तर पर डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन पूरी निष्ठा के साथ दिया जा रहा है।
उपायुक्त स्वतः रोजगार ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा हैंडीक्राफ्ट, खाद्य उत्पाद, जरी-जरदोजी, पशुपालन, इलेक्ट्रिकल उत्पाद, रेशम उत्पादन, ज्वैलरी मेकिंग और मधुमक्खी पालन जैसे क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
Samarth UP 2047:क्या हैं विशेषज्ञों के सुझाव और भविष्य की रणनीति के साथ वरिष्ठ पत्रकार की राय
वरिष्ठ पत्रकार केशव अग्रवाल ने सुझाव दिया कि वन्य जीव संघर्ष रोकने के लिए सुगंधित और औषधीय खेती को बढ़ावा दिया जाए और नेपाल को सीधे निर्यात की व्यवस्था हो। उन्होंने साथ ही पर्यावरण और किसानों की आमदनी को जोड़ने वाली योजनाओं पर जोर दिया।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, मोबाइल नेटवर्क, वॉटर फ्लाई पार्क और शारदा नहर में क्रूज सेवा शुरू करने का भी सुझाव दिया गया।
Samarth UP 2047:क्या है अभियान की अवधि और लोगों की अहम भूमिका
यह अभियान 5 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इस दौरान ग्राम पंचायत और विकास खंड स्तर पर गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें नागरिक खुलकर अपने विचार साझा कर सकेंगे। साथ ही इच्छुक लोग ऑनलाइन पोर्टल https://samarthuttarpradesh.up.gov.in/ पर भी अपने सुझाव दर्ज करा सकते हैं।
“समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047” सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं बल्कि साझा संकल्प और जनभागीदारी का आंदोलन है। सरकार और प्रशासन की स्पष्ट मंशा है कि जनता की राय से योजनाओं को एक नई दिशा दी जाए जिससे प्रदेश को वर्ष 2047 तक एक सशक्त, समृद्ध और विकसित प्रदेश के रूप में स्थापित किया जा सके।
Vocal for Local: बेरोजगार युवाओं के लिए शानदार मौका, होगा सपना साकार