पूर्व कुलपति प्रो. यूपी सिंह का निधन: महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद और शिक्षा जगत में अपूरणीय क्षति, सीएम ने जताया शोक
गोरखपुर। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष और पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. उदय प्रताप सिंह (प्रो. यूपी सिंह) का शनिवार सुबह निधन हो गया। 92 वर्षीय प्रो. सिंह पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से शिक्षा जगत और समाज में शोक की लहर दौड़ गई है।
शिक्षा और समाज में भी रहा योगदान
प्रो. यूपी सिंह का जीवन शिक्षा और सेवा को समर्पित रहा। उन्होंने अपने पूरे करियर में गोरक्षपीठ और महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के साथ कार्य किया। गोरक्षपीठ के तीन पीठाधीशों के सानिध्य में कार्य करने का अवसर पाना उन्हें एक विरले व्यक्ति बनाता है। गणित विषय के विद्वान प्रो. सिंह ने अपनी पहली नियुक्ति गोरक्षपीठ के तत्कालीन पीठाधीश्वर महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज द्वारा एमपी शिक्षा परिषद के महाराणा प्रताप महाविद्यालय में पाई थी।
इसके बाद जब महंत दिग्विजयनाथ जी ने गोरखपुर विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए यह महाविद्यालय दान किया, तब प्रो. सिंह विश्वविद्यालय में गणित के शिक्षक बने और बाद में आचार्य तथा गणित विभाग के अध्यक्ष के रूप में ख्याति प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के कुलपति के रूप में भी सेवाएं दीं।
प्रशासनिक और संगठनात्मक रहा योगदान
प्रो. यूपी सिंह को केवल विद्वता और अध्यापन के लिए ही नहीं, बल्कि उनकी कर्मठता और सांगठनिक कौशल के लिए भी याद किया जाएगा। डॉ. भोलेन्द्र सिंह के बाद उन्हें 2018 में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद का अध्यक्ष बनाया गया और अंतिम सांस तक उन्होंने इस पद को निभाया। 2021 में जब महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय, गोरखपुर की स्थापना हुई, तब उन्हें इसका प्रति कुलाधिपति बनाया गया।
इसके अलावा, प्रो. सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक और विद्या भारती में भी विभिन्न पदों का निर्वहन किया। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन ने शिक्षा परिषद और समाज के कई संस्थानों को स्थिरता और दिशा दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रो. यूपी सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा, “महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद, गोरखपुर के अध्यक्ष, आदर्श शिक्षक, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में गणित विभाग के पूर्व आचार्य एवं अध्यक्ष, पूर्व कुलपति प्रो. यू.पी. सिंह जी का निधन अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों और अनुयायियों को सम्बल प्रदान करने की प्रार्थना है।”
सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को राजघाट पर प्रो. यूपी सिंह के अंतिम संस्कार में भी शामिल होंगे। अंतिम संस्कार रविवार (28 सितंबर) को पावन राप्ती नदी के राजघाट पर दोपहर 12 बजे से होगा।
परिवार में दो बेटे
प्रो. यूपी सिंह अपने पीछे दो पुत्रों को छोड़ गए हैं – दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. वीके सिंह और यूपी कॉलेज के आचार्य प्रो. राजीव कृष्ण सिंह। उनके परिवार और अनुयायी उनके योगदान को सदैव याद रखेंगे।