Pilibhit: जागृति प्रेरणा संकुल स्तरीय समिति का वार्षिक अधिवेशन, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का मजबूत स्तम्भ

0
Pilibhit: जागृति प्रेरणा संकुल स्तरीय समिति का वार्षिक अधिवेशन, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का मजबूत स्तम्भ

Pilibhit: जागृति प्रेरणा संकुल स्तरीय समिति का वार्षिक अधिवेशन – महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कदम

पीलीभीत जिले की ग्राम पंचायत मैदना में जागृति प्रेरणा संकुल स्तरीय समिति के वार्षिक अधिवेशन ने महिला सशक्तिकरण और आजीविका के नए आयाम खोले हैं । इस अधिवेशन में न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर समझाए गए, बल्कि उन्हें सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और रोजगार से सीधे जोड़ने की विस्तृत जानकारी भी दी गई। समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों और समिति सदस्यों ने मिलकर यह संदेश दिया कि आज के समय में महिलाओं की भागीदारी समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए कितनी महत्वपूर्ण है।

मुख्यअतिथि के रूप में  CDO ने किया उद्घाटन

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य विकास अधिकारी द्वारा फीता काटकर की गई। उन्होंने उपस्थित सभी महिलाओं को सम्बोधित करते हुए यह बताया कि राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को समूह से जोड़कर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का अवसर मिलता है। साथ ही कहा कि इस प्रकार के समूह महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी उपस्थित महिलाओं से आग्रह किया कि वे समूह में शामिल होकर अपनी क्षमताओं का विकास करें और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएँ।

रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर

इसके बाद उपयुक्त स्वतः रोजगार अधिकारी (डीसी एनआरएलएम) ने मौजूद महिलाओं को आगे बढ़ने की  दिशा में पूरी जानकारी दी।  उन्होंने बताया कि यदि किसी महिला को किसी प्रकार का प्रशिक्षण प्राप्त करने की आवश्यकता है, तो वह अपनी समूह सखी के माध्यम से अपनी जानकारी ब्लॉक मिशन मैनेजर तक पहुँचा सकती है। प्रशिक्षण के पश्चात महिला सीधे रोजगार से जुड़ सकती है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि समूह से जुड़कर कई महिलाओं ने आज के समय में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सफलता प्राप्त की है।

महिला सुरक्षा और पुलिस सहायता

पुलिस विभाग से आई महिला अधिकारी-कांस्टेबल ने महिलाओं को सुरक्षा और सहायता के उपायों की जानकारी दी। अधिकारी-कांस्टेबल ने बताया कि अगर किसी महिला के परिवार में घरेलू हिंसा होती है, तो महिला हेल्पलाइन 1090 पर कॉल कर सकती है। किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर और स्थानीय शिकायतों के लिए 1076 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। और यह सुनिश्चित किया कि पुलिस विभाग द्वारा सभी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी

कार्यक्रम में उपस्थित कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर ने स्वास्थ्य सेवाओं और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लाभ समझाए। साथ ही बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख तक का निशुल्क इलाज उपलब्ध है, जिससे ग्रामीण महिलाओं और परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित होती है।

समूहों से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने का आग्रह

खंड विकास अधिकारी ने महिलाओं से अनुरोध किया कि वे अधिक से अधिक समूहों से जुड़ें।  बताया कि समूहों के माध्यम से न केवल गरीबी को दूर किया जा सकता है, बल्कि महिलाएं स्वयं अपनी क्षमता अनुसार रोजगार करने के लिए प्रशिक्षण और फंड प्राप्त कर सकती हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण विकास कार्यक्रम के माध्यम से यह प्रयास ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए किया जा रहा है।

वित्तीय वर्ष 2024-25 की उपलब्धियों की जानकारी

जागृति प्रेरणा संकुल स्तरीय समिति की अध्यक्ष बबीता सक्सेना ने वित्तीय वर्ष 2024-25 की उपलब्धियों, बजट की प्राप्ति और भुगतान के विवरण को विस्तार से साझा किया। इसके माध्यम से महिलाओं ने समझा कि समूह से जुड़कर उनका वित्तीय प्रबंधन और ऋण का सही उपयोग कैसे सुनिश्चित किया जा सकता है।

CIF ऋण और नियमित रिपोर्टिंग का महत्व

ब्लॉक मिशन मैनेजर नसीम अहमद ने सभी दीदियों से अनुरोध किया कि उन्होंने जो CIF ऋण लिया है, उसे सही तरीके से उपयोग करें और निर्धारित किस्तों सहित ब्याज समय पर लौटाएँ। नसीम अहमद ने यह भी कहा कि रोजगार से संबंधित कार्य और समूह की गतिविधियों की नियमित रिपोर्ट ब्लॉक कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने समूहों को प्रेरित किया कि वे एक-दूसरे को मार्गदर्शन और समर्थन देते हुए अधिक से अधिक महिलाओं को आजीविका के लिए जोड़ें।

महिला सशक्तिकरण में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान

अधिवेशन के अंत में जागृति प्रेरणा महिला संकुल स्तरीय समिति की अध्यक्ष ने उत्कर्ष कार्य करने वाली महिलाओं और समूह कैडर को सम्मानित किया। सम्मानित महिलाओं में बैंक सखी निहालिका वर्मा, समूह सखी मिथिलेश कुमारी टंडोला, आजीविका सखी सुमन लता, ग्राम संगठन अलका चौहान, लेखाकार मुन्नी देवी और बैंक सखी ममता श्रीवास्तव शामिल थीं। यह सम्मान उनके समर्पण और समूह के उद्देश्यों में योगदान को मान्यता देने के लिए प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख अधिकारी

कार्यक्रम में ब्लॉक मिशन मैनेजर नसीम अहमद, वर्षा गंगवार, रवि नेगी (एडीओ आईएसबी), अखिलेश कुमार के साथ समूह सखी, आजीविका सखी, स्वास्थ्य सखी और संबंधित ग्राम संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर महिला सशक्तिकरण और आजीविका को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया।

Pilibhit: शिक्षक मतदाता सूची में नाम जोड़ने का आखिरी मौका, जानिए पूरी प्रक्रिया

About The Author

Leave a Reply

Discover more from ROCKET POST LIVE

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading