Pilibhit News: मूसलाधार बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली, जिले के इस युवक की मौके पर हुई मौत
#image_title
Pilibhit News: आसमान से गिरी मौत ने पीलीभीत में एक परिवार की खुशियाँ छीन लीं। थाना बरखेड़ा क्षेत्र में उस समय दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब घर लौट रहे एक युवक पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे के बाद लोग झुलसी हालत में युवक को लीला अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से गाँव और क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
हादसे का पूरा घटनाक्रम
यह दर्दनाक घटना करोड़ चौकी क्षेत्र के शाहपुरा पेट्रोल पंप के पास की है। मृतक युवक की पहचान अमखेड़ा गांव निवासी जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है।
जितेंद्र कुमार रोज की तरह पेट्रोल पंप पर अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मोटरसाइकिल से घर की ओर निकले, रास्ते में अचानक आकाशीय बिजली गिरी और वे उसकी चपेट में आ गए। और बुरी तरह से झुलसी गए।
ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया
हादसे को देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत जितेंद्र को जिला अस्पताल पहुँचाया। लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव का माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना क्षेत्र पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सावधानी बेहद जरूरी है
बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में ग्रामीण इलाकों में लोगों को अधिक सतर्क रहने की ज़रूरत है। मौसम विभाग समय-समय पर चेतावनी भी जारी करता है कि खुले मैदान, खेत या पेड़ों के नीचे बिजली कड़कने के दौरान खड़ा होना खतरनाक साबित हो सकता है।
जितेंद्र कुमार की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि हम प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए कितने तैयार हैं। परिवार का सहारा छिनने से गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है। यह घटना सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि समाज के लिए चेतावनी है कि आकाशीय बिजली जैसी प्राकृतिक घटनाओं को हल्के में लेना जानलेवा साबित हो सकता है।