Power Of AI: बेटे की आवाज में पिता को फोन, कहा- ‘रेप केस में पकड़ा है, पैसे डालो’.. हुई लाखों की ठगी
Power Of AI: दुनिया में ऐसा माना जा रहा है कि आने वाला समय एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का है। कई पैमानों पर यह बात सच होती दिखाई भी दे रही है। मगर, क्या आप जानते हैं कि यह एआई कितनी खतरनाक साबित हो सकती है? कितनी ताकतवर है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस?
हाल ही में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से सामने आए इस मामले से आप समझ सकते हैं कि यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कितनी खतरनाक हो सकती है। यहां कुछ अपराधियों द्वारा AI का इस्तेमाल कर एक व्यक्ति से लाखों की लूट को अंजाम दिया गया है।
AI का इस्तेमाल कर ऐसे हुई ठगी
आइये सिलसिलेवार तरीके से समझते हैं कि आखिर कैसे इस व्यक्ति के साथ AI का इस्तेमाल कर लूट की गई। यह घटना कटरा कोतवाली के टंडनपुरी कॉलोनी निवासी विश्व हिंदू परिषद के पूर्व मंत्री मनोज दमकल के साथ घटित हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 फरवरी को मनोज दमकल के पास एक वॉट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ठग ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उनसे कहा कि आपके बेटे को रेप केस में गिरफ्तार किया हूं। उसको बचाना है, तो 2 लाख रुपए ट्रांसफर कर दो।

पहले तो मनोज दमकल को ठग की बात पर विश्वास नहीं हुआ। पर जब ठग द्वारा उनसे कहा गया कि “चाहो तो अपने बेटे से बात कर लो।” इसपर मनोज भी सोंच में पड़ गए। उन्होंने ठग से कहा कि बात कराइये। उधर, ठगों ने सुनियोजित तरीके से AI तकनीक इस्तेमाल कर मनोज के बेटे की आवाज निकाली और कहा कि पापा मुझे बचा लीजिए, नहीं तो मेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। बेटे की बात सुनकर मनोज दमकल घबरा गए। उन्होंने फौरन किसी तरह 1.5 लाख रुपए इकट्ठा किए।
‘पैसे दे दीजिये पापा, ये लोग मुझे नहीं छोड़ेंगे’
आगे ठगों द्वारा मनोज के बेटे ऋषभ की आवाज में ये कहा गया कि “जैसा ये लोग बोल रहे आप वैसा कर दीजिए। जो भी पैसा मांग रहे हैं। इन्हें आप दे दीजिए नहीं, तो ये लोग मुझे नहीं छोड़ेंगे। जल्दी से आप पैसे का इंतजाम कीजिए।” बताते चलें कि मनोज का बेटा बाहर रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। इस वजह से वो घबरा गए।
घबराए पिता ने बिना देरी किये ठगों के खाते में पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए और बाकी 50 हजार रुपए का इंतजाम करने के लिए बाहर चले गए। मनोज ने बताया कि इस दौरान बेटे ने घरवालों को फोन कर दिया। घरवालों ने उसे पूरी बात बताई, तो उसने अपने साथ ऐसी किसी भी घटना से इनकार कर दिया। उसने बताया कि मैं तो अपने हॉस्टल में हूं और बिल्कुल ठीक हूं।
तब जाकर मनोज को एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है। घटना 27 फरवरी की बताई जा रही है। मगर परिवार ने साइबर पुलिस से बीते दिन इसकी शिकायत की। इसके बाद मामला सामने आया। SP अभिनंदन ने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। जो भी इसके पीछे हैं, उसकी तलाश की जा रही है। लोगों को भी सावधान रहने की जरूरत है। किसी भी अनचाहे कॉल, मैसेज और वॉट्सऐप मैसेज की जानकारी पुलिस से जरूर शेयर करें।
यह भी देखें -:
1 thought on “Power Of AI: बेटे की आवाज में पिता को फोन, कहा- ‘रेप केस में पकड़ा है, पैसे डालो’.. हुई लाखों की ठगी”