Bareilly Road Accident: ट्रक और कार की भयानक टक्कर, दवा व्यापारी की मौत और परिवार के 4 गंभीर
Bareilly Road Accident: बरेली जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां सड़क दुर्घटना में लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा क्षेत्र के रहने वाले एक दवा व्यापारी की मौत हो गई और उनके परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बरेली के आंवला स्थित मनौना धाम से लौटते समय हुआ।
हादसे में दवा व्यापारी की हुई मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के सरगड़ा गांव निवासी दवा व्यापारी राजीव राज (40) अपने परिवार के साथ बरेली के आंवला स्तिथ मनौना धाम गए थे। जब वह बरेली से लौट रहे थे, तो शाहजहांपुर हाईवे पर उनका वाहन तेज गति से आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। इस भीषण टक्कर के कारण उनकी कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में राजीव राज की मौके पर ही मौत हो गई।
चार लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी
वहीं, हादसे में राजीव राज के परिवार के चार सदस्य – पवन राज, जेपी राज, इंद्रेश राज और पंछी राज – गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी बरेली अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। सभी घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
ग्रामीणों में शोक की लहर
उधर, घटना के बाद जैसे ही हादसे की सूचना राजीव राज के परिवार और रिश्तेदारों तक पहुंची तो पूरे गाँव और परिवार में मातम छा गया। राजीव राज के परिजन और रिश्तेदार तुरंत बरेली के लिए रवाना हो गए। यह हादसा पूरे गांव के लिए एक गहरा सदमा बनकर आया है।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है, हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि ट्रक की पहचान क्या है और दुर्घटना किन कारणों के चलते हुई है। बहरहाल, यह हादसा सड़क सुरक्षा पर एक गंभीर सवाल खड़ा करता है, खासकर हाईवे पर हो रहे इस प्रकार के हादसों को लेकर। इस हादसे ने न केवल परिवार को, बल्कि पूरे गांव को भी गहरे दुख में डुबो दिया है।