कानपुर में देखने को मिला अनोखा प्रदर्शन: जानिए किस रूप में कलाकारों ने किया जर्जर सड़क के विरोध में प्रदर्शन
कानपुर। शहर में एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला, जब रामलीला पात्रों ने नगर निगम की उदासीनता के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। श्याम नगर टटियन स्थित रामलीला मैदान तक जाने वाली जर्जर सड़क से परेशान श्री दुर्गा सार्वजनिक रामलीला नवयुवक कमेटी के सदस्यों ने प्रतीकात्मक रूप से भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान को सड़क पर उतार दिया। इस दौरान ‘नगर आयुक्त और नगर निगम मुर्दाबाद’ के नारे भी लगे।
75 वर्षों की रामलीला संकट में
रामलीला कमेटी के संरक्षक व पूर्व पार्षद राजीव सेतिया और संयोजक गौरव सेतिया ने बताया कि यह रामलीला पिछले 75 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही है। इस बार भी मंचन शुरू होने से पहले उन्होंने नगर आयुक्त समेत नगर निगम के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सड़क की दयनीय स्थिति से अवगत कराया। इसके बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।
श्रद्धालुओं और कलाकारों को हो रही कठिनाई
विगत चार दिनों से रामलीला का मंचन जारी है। लेकिन सड़क की खस्ता हालत के कारण यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं और कलाकारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालक सड़क पर गिरकर घायल हो रहे हैं और प्रभु श्री राम की झांकी भी सड़क की खराब स्थिति के कारण चार दिनों से नहीं निकाली जा सकी।
प्रदर्शन में इस तरह संभाला मोर्चा
कमेटी के सदस्यों ने इस समस्या को प्रतीकात्मक रूप से उजागर करने के लिए भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान के पुतलों को सड़क पर उतारा। यह कदम लोगों का ध्यान आकर्षित करने के साथ-साथ नगर निगम प्रशासन को चेतावनी देने के लिए उठाया गया।
48 घंटे की चेतावनी
रामलीला कमेटी ने साफ कहा कि यदि अगले 48 घंटों में सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे रामलीला का मंचन बंद करने को विवश होंगे। यह क्षेत्र शहर के मुख्य मार्गों में शामिल है, और इसकी जर्जरता के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके चलते कई लोग इस रास्ते का उपयोग करना छोड़ चुके हैं।
प्रशासन पर उठ रहे सवाल
अब सवाल यह उठता है कि क्या ‘भगवान’ के सड़क पर उतरने के बाद नगर निगम के अधिकारी, जो लगातार कुंभकर्णी नींद में थे, जागेंगे और सड़क की समस्या का समाधान करेंगे। प्रदर्शन ने शहर के नागरिकों को भी यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या उनकी सुरक्षा और सुविधा के प्रति प्रशासन सचमुच संवेदनशील है।