कानपुर। दीपावली के बीच कानपुर कमिश्नरेट के स्वरूप नगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। हैलेट चौकी क्षेत्र स्थित मुरारी लाल चेस्ट अस्पताल में औरैया से इलाज कराने आए दंपति के पति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। पत्नी का इलाज अस्पताल में चल रहा था, वहीं परिजनों ने बीते दिन युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अब इस मामले में पुलिस जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए घटना की तहकीकात कर रही है।
जानिए कहां का रहने वाला था मृतक
जानकारी के अनुसार, मृतक औरैया जिले का रहने वाला था और अपनी पत्नी के इलाज के सिलसिले में हैलेट अस्पताल आया हुआ था। बताया जा रहा है कि पत्नी का इलाज मुरारी लाल चेस्ट अस्पताल में चल रहा था, जबकि पति की अचानक गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने स्वरूप नगर थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस टीम बीते दिन से ही युवक की तलाश में जुटी हुई थी।
हालांकि, बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि अस्पताल परिसर के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर तुरंत थाना प्रभारी सूर्यबलीपांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम को बुलाया और जांच शुरू की। शव पर चाकू के निशान पाए जाने की जानकारी भी सूत्रों से सामने आई है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
प्रथम जांच में ही मिल गए थे – अब हो रही है जांच
प्रथम दृष्टया पुलिस जांच में कई पहलू सामने आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, मृत युवक के गांव (औरैया) में उसके पड़ोसियों से पुरानी रंजिश चल रही थी। बताया गया कि उसके परिवार का एक सदस्य इस विवाद के चलते जेल में बंद है। इसलिए, पुलिस इस कोण से भी जांच कर रही है कि कहीं यह हत्या पुरानी रंजिश का परिणाम तो नहीं है।
गठित की गई है पुलिस टीम
एसीपी (आईपीएस) सुमित रामटेके ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम गठित की है। उनके नेतृत्व में थाना प्रभारी सूर्यबली पांडेय और उनकी टीम साक्ष्यों को एकत्र कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक आखिरी बार किसके साथ और किस दिशा में गया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि, “पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।” उन्होंने यह भी कहा कि सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में हलचल बढ़ गई। मरीजों और उनके परिजनों में चर्चा का विषय बन गई यह घटना अब पुलिस की प्राथमिकता में है। वहीं, परिजनों ने न्याय की मांग की है और आरोप लगाया है कि मृतक की हत्या की गई है।
जांच अधिकारी के मुताबिक, “कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, और हत्या का खुलासा जल्द ही किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों की पहचान में मदद मिलेगी।”
पत्रकारिता के क्षेत्र में 24 साल का अनुभव दैनिक समाचार पत्र लोक भारती से सफर शुरू कर स्टार न्यूज, न्यूज 24, न्यूज एक्सप्रेस, सूर्या समाचार, लोकल हेडिंग, वन इंडिया व पब्लिक वाइब के बाद बतौर कानपुर प्रभारी रॉकेट पोस्ट (ROCKETPOSTNEWS.COM) तक जारी है। मकसद जनहित सर्वोपरि और हर खबर पूरी जिम्मेदारी से