Kanpur News: ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची का पुनरीक्षण शुरू, जानिए कौन पात्र नागरिक जुड़वा सकेंगे अपना नाम

0
25c6f0af-d6c2-4891-a26c-5a07e1dd88a5

#image_title

कानपुर। जिले की ग्राम पंचायतों में मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य शुरू हो गया है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, पुराने नामों को संशोधित करने और मृतक या स्थानांतरित हो चुके व्यक्तियों के नाम विलोपित करने का कार्य करेंगे। साथ ही नए मकानों और अब तक छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम भी सूची में दर्ज किए जाएंगे।

जानिए मतदाता बनने की पात्रता

डीएम ने बताया कि जो नागरिक ग्राम पंचायत के निर्वाचन क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास कर रहे हों और 1 जनवरी 2025 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हों, वे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के पात्र होंगे।

इसके विपरीत, जो व्यक्ति भारत के नागरिक नहीं हैं, न्यायालय द्वारा अयोग्य घोषित किए गए हैं या निर्वाचन संबंधी अपराधों के कारण मताधिकार से वंचित हैं, उनका नाम दर्ज नहीं किया जाएगा।

तैनात की गई टीमें

पुनरीक्षण कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिले की 590 ग्राम पंचायतों में 869 बीएलओ और 90 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। तीन हजार तक मतदाताओं वाली पंचायत में एक बीएलओ और उससे अधिक मतदाताओं वाली पंचायत में दो बीएलओ लगाए गए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायत की मतदाता सूची विधानसभा की मतदाता सूची से भिन्न होती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को बीएलओ से संपर्क कर अपने नाम की पुष्टि करनी चाहिए और नाम न होने की स्थिति में समय पर जोड़वाना चाहिए।

पढ़िए जागरूकता और शिकायत निवारण

डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली लोकतंत्र की मजबूत नींव है। प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने और परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लेना चाहिए। यदि किसी प्रकार का संशोधन या विलोपन आवश्यक हो तो तुरंत संबंधित बीएलओ को सूचित करें।

साथ ही, यदि 26 अगस्त तक किसी पंचायत में बीएलओ न पहुंचे या किसी प्रकार की शिकायत हो, तो नागरिक सीधे जिला निर्वाचन कार्यालय, खंड विकास अधिकारी या संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

पिछली बार कितने थे मतदाता

त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 में जिले की 590 ग्राम पंचायतों में कुल 12.53 लाख मतदाता थे। इनमें सरसौल की 62 पंचायतों में 1,48,069, बिधनू की 59 पंचायतों में 1,45,041, शिवराजपुर की 64 पंचायतों में 99,148, पतारा की 50 पंचायतों में 1,13,403, कल्याणपुर की 49 पंचायतों में 1,40,663, चौबेपुर की 58 पंचायतों में 1,12,489, बिल्हौर की 68 पंचायतों में 1,36,778, घाटमपुर की 78 पंचायतों में 1,68,297, ककवन की 25 पंचायतों में 50,502 और भीतरगांव की 77 पंचायतों में 1,38,666 मतदाता शामिल थे।

About The Author

Leave a Reply

Discover more from ROCKET POST LIVE

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading