कानपुर में टूटी सड़क पर कांग्रेस का हल्ला बोल, कार्यकर्ताओं ने ठेकेदार और सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
उत्तर प्रदेश सरकार जहां “गड्ढा मुक्त सड़क” का नारा देते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का दावा कर रही है, वहीं विपक्ष इसे घोटालों और लापरवाही से जोड़ते हुए सवाल खड़ा कर रहा है। इसी कड़ी में कानपुर शहर की खस्ताहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं का रहा नेतृत्व
प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस नेता विकास अवस्थी और जे. पी. पाल ने की। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने कानपुर के दक्षिण क्षेत्र स्थित बर्रा-2 इंडियन बैंक के सामने की जर्जर सड़क पर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने गड्ढों से भरी सड़क पर खुद ही मिट्टी डालकर गड्ढे भरने की प्रतीकात्मक पहल की और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सरकार से उठाई मांग
इस मौके पर कांग्रेस नेता विकास अवस्थी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शहर की सड़कों की हालत बेहद खराब है। उन्होंने प्रदेश सरकार से तुरंत सड़कों की मरम्मत कर उन्हें गड्ढा मुक्त करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि जनता रोजाना टूटी सड़कों से परेशान है और सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा फर्क है।
ठेकेदारों और सरकार पर उठाए सवाल
वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जे. पी. पाल ने कहा कि टूटी सड़कें सरकार की उदासीनता और ठेकेदारों की लापरवाही का नतीजा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में बड़े पैमाने पर लापरवाही और भ्रष्टाचार हो रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक शहर की सड़कें गड्ढा मुक्त नहीं होतीं, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
जनता की परेशानी का आरोप
दरअसल, बर्रा और आसपास के क्षेत्रों में सड़कें लंबे समय से खराब स्थिति में हैं। बारिश के बाद इन सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आम लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही कारण है कि कांग्रेस ने इसे जनता से जुड़ा बड़ा मुद्दा बनाते हुए सरकार पर दबाव बनाने का प्रयास किया है।