कानपुर में बुढ़वा मंगल पर्व पर पनकी हनुमान मंदिर के लिए ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था सख्त
#image_title
कानपुर। ऐतिहासिक बुढ़वा मंगल पर्व के अवसर पर मंगलवार को पनकी हनुमान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था सोमवार शाम से शुरू होकर मंगलवार देर रात तक जारी रहेगी।
पार्किंग व्यवस्था के विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों को लेकर प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
* कानपुर देहात से आने वाले वाहन भौंती चौराहा से गंगागंज क्रॉसिंग होकर मंदिर तक जाएंगे। इनके लिए स्टेशन रोड तिराहा और गंगागंज मार्ग के दोनों ओर पार्किंग की व्यवस्था होगी।
* हमीरपुर, फतेहपुर और उन्नाव से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन एमआईजी तिराहा और पनकी थाना रोड के दोनों ओर खड़ा कर सकेंगे।
* कन्नौज, फर्रुखाबाद और कानपुर देहात से आने वालों के लिए रामलीला मैदान और सब्जी मंडी तिराहा पर पार्किंग की व्यवस्था होगी।
* शिवली और रसूलाबाद से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन शताब्दी नगर रोड तिराहा पर खड़ा कर सकेंगे।
डायवर्जन के निर्देश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कल्याणपुर से आने वाला ट्रैफिक शताब्दी द्वार/मंदिर की ओर नहीं जाएगा। इसी तरह पनकी रोड चौकी से भारी और मध्यम वाहन नहर की ओर नहीं जाएंगे।
* भाटिया तिराहा, कालपी रोड, गंगागंज, नारायणा कॉलेज और भौंती बाईपास से मंदिर की ओर नो-एंट्री रहेगी।
* भारी वाहन दादा नगर, विजय नगर और एलएमएल चौराहा मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे।
VIP और प्रशासनिक पार्किंग
मंदिर का पश्चिम द्वार VIP और आवश्यक सेवाओं के वाहनों के लिए आरक्षित रहेगा। इसके अतिरिक्त शताब्दी रोड, सब्जी मंडी रोड, रामलीला मैदान, पनकी थाना रोड, कमल मेमोरियल स्कूल गली और कछुआ तालाब रोड को भी पार्किंग के लिए चिह्नित किया गया है। वहीं पुलिस और प्रशासनिक वाहनों के लिए विशेष पार्किंग की सुविधा दी गई है।
श्रद्धालुओं से अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। इससे भीड़ और जाम की समस्या से बचा जा सकेगा तथा त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होगा।