Kannauj News : दबंगों के पिटाई से आहत युवक ने लगाया मौत को गले
रिपोर्ट : संदीप शर्मा
कन्नौज जिले मे अपने घर के कमरे में एक ग्रामीण युवक ने फांसी का फंदा डालकर मौत को गले लगा लिया। बकरी बेंचने का तकादा करने पर युवक दबंगों की पिटाई से आहत था, जिसके बाद उसने मौत को गले लगा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ शुरू कर दी जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । पुलिस का कहना है कि पूरे मामले मे विधिक कार्रवाई की जा रही है ।

जानकारी के मुताबिक थाना ठठिया के कस्बा मंटोखा निवासी ग्रामीण युवक संतराम सक्सेना पुत्र सियाराम ने पैसों की जरूरत के कारण अपनी एक बकरी को करीब 6 माह पहले बेंच दिया था। जिसका तकादा बकरी लेने वाले दबंग किस्म के लोगों से कई बार करने के बाद भी उसको पैसे नहीं दिये गये और टाल मटोल की जाती रही। जिससे पीड़ित युवक काफी परेशान रहने लगा । दबंगों की दबंगई के आगे पीड़ित युवक की कोई सुनने वाला नहीं था जिससे क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गयी और मौके पर पूछताछ करने के बाद शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया ।
युवक की मौत से परिवार मे मचा कोहराम
मृतक के परिवार ने तो पड़ोसी से विवाद की बात कहते हुये मारपीट का भी आरोप दबंगों पर लगाया है। पिटाई से आहत ग्रामीण ने शुक्रवार को अपने घर के अंदर कमरे में लगे पंखे से अंगौछे से फंदा बनाकर मौत को गले लगा लिया। घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया, जिसके बाद परिजनों ने अंदर से बंद दरवाजा तोड़कर मृतक के शव को नीचे उतारा। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू करते हुये मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। मृतक के दो पुत्र विशाल और अंकित के अलावा बेटी वर्षा और पत्नी शर्मिष्ठा है। घटना के बाद मृतक के शव पर परिजनों का रोने बिलखने का सिलसिला जारी था।