Kannauj News : स्कूल बच्चों से भरी वैन में लगी आग, मचा हड़कंप
रिपोर्ट : संदीप शर्मा
कन्नौज जिले में घटी एक दिल दहला देने वाली घटना ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिये। मंजर था एक स्कूली वैन में सवार करीब एक दर्जन बच्चों का, जो अपने अपने घरों से स्कूल जाने को निकले थे, लेकिन उससे पहले ही वैन में आग लग गई।जानकारी के मुताबिक जिले के कोतवाली छिबरामऊ के ताजपुर रोड पर सीपीएल पब्लिक स्कूल स्थित है। बीती 1 जुलाई से स्कूल खुले तो बच्चों में भी स्कूल जाने को लेकर उत्सुकता नजर आने लगी। मंगलवार की सुबह उपरोक्त स्कूल की वैन जब करीब एक दर्जन स्कूली बच्चों को लेकर स्कूल आने के लिये रवाना हुई और कोतवाली के खुबरियापुर गांव के पास पहुंची तभी वैन में आग लग गई।

सीएनजी लगी किट में स्कूली वैन में लीकेज से लगी आग की शुरुआत होते ही वैन में सवार बच्चों ने चीखना चिल्लाना शुरू किया तो आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। आनन फानन में वैन से बच्चों को शीशा तोड़कर वैन से बाहर निकाला गया और दूर ले जाया गया। अभी बच्चे सकुशल हालत में कुछ दूर जा ही पाये थे, कि देखते ही देखते वैन आग का गोला बन गई और थोड़ी ही देर बाद टीन का डब्बा बनी नजर आने लगी। कोई अनहोनी घटना तो घटित होनी से जरूर बच गई, लेकिन बच्चों के चेहरों पर खौफ साफ झलकता हुआ देखा गया।

बताते चलें कि, जिले में बड़ी संख्या में इस समय सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में बच्चों को बसों और वैन के अलावा अन्य संसाधनों से लाया और ले जाया जाता है, ऐसे में उपरोक्त घटनाओं से जहां बच्चों में डर का आलम है वहीं उनके परिजनो को भी अब अपने बच्चों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। खास बात यह है कि बीते दिनों की छुट्टियों में स्कूलों के जिम्मेदार लोगों द्वारा ऐसे वाहनों की फिटनेस अभी तक क्यों चेक नहीं कराई गई। क्या सच में घोर लापरवाही हुई है। अगर हां तो यह जांच और कार्यवाही का विषय है। मौके पर पहुंची पुलिस ने फिलहाल पूरे घटनाक्रम का पुरसाहाल लिए है। जांच भी शुरू कर डी गई है। अनहोनी घटना को टलने के बाद बच्चों के परिजनों ने राहत की सांस जरूर ली है पर सवाल वही कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता घर कर गई है। अब जिले का जिम्मेदार प्रशासन इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिये क्या कदम उठाता है, यह तो आने वाला समय ही बतायेगा। मंगलवार की सुबह घटी घटना के बाद हड़कंप का माहौल नजर आया। बैन में लगी आग को प्रेशर के पानी से बुझाया जा सका।