Kannauj News : महिला वकील के हत्यारों की 48 घंटे में गिरफ्तारी की मांग करते हुये वकीलों का प्रदर्शन
रिपोर्ट : संदीप शर्मा
यूपी के कासगंज में महिला अधिवक्ता मोहिनी तोमर की अपहरण के बाद हत्या के मामले में हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वकीलों ने जोरदार नारेबाजी करते हुये घूम घूम कर प्रदर्शन किया। काली पट्टी हाथों में बांध कर प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने सरकार से 48 घंटे में हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुये एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को भी लागू करने की मांग की।

बताते चलें कि विगत दिन यूपी के कासगंज में एक महिला अधिवक्ता की हत्या की घटना को अंजाम दिया गया था। पूरे प्रदेश में उपरोक्त घटना को लेकर वकीलों में तीव्र आक्रोश व्याप्त था। हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर कई जिलों में प्रदर्शन भी जारी हैं। शनिवार को कन्नौज मुख्यालय सहित छिबरामऊ और तिर्वा में भी अधिवक्ताओं का जोरदार प्रदर्शन जारी रहा।
अधिवक्ताओं के हुजूम के साथ हुई नारेबाजी
कन्नौज जिले की तहसील तिर्वा मुख्यालय पर भी लायर्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, न्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हरवेंद्र सिंह, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह, ने अधिवक्ताओं के हुजूम के साथ नारेबाजी करते हुये जलूस निकालते हुये जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान काली पट्टी बांधे वकील मोहिनी तोमर के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। वकीलों का कहना था कि, हत्यारे 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किये जायें। इसके अलावा हत्यारों को फांसी की सजा दी जाय।इसके अलावा अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट भी लागू किया जाय। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर भी अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन करते हुये अधिवक्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अशोक कुमार को सौंपा। प्रदर्शन में राजेश श्रीवास्तव, अमित यादव, सुधीर यादव, अनूप, सतीश राजपूत, परमानंद तिवारी, सुरेंद्र यादव, संजय शुक्ला आदि वकील मौजूद रहे।