Kannauj New : एक्सप्रेस वे पर डबल डेकर बस खाई में पलटी, पच्चीस यात्री घायल
रिपोर्ट : संदीप शर्मा
रविवार तड़के सुबह 4 बजे के करीब लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर हादसा हो गया। जौनपुर से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर लग्जरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कन्नौज के सौंरिख थाना के किलोमीटर प्वाइंट 159 पर बस चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। दुर्घटना के बाद कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक एक लग्जरी बस बीती रात जौनपुर से दिल्ली जाने के लिये रवाना हुई थी। बस में करीब 45 महिला पुरुष सवारियां सवार बताई गई हैं। जैसे ही बस लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर चढ़ने के बाद कन्नौज के सौंरिख के कट 159 प्वाइंट पर पहुंची, तभी बस चालक को झपकी के कारण बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना से जहां बस में सवार यात्रियों में कोहराम मच गया वहीं घटना की सूचना पर जिले के एएसपी, सौंरिख और सकरावा थाना पुलिस के अलावा यूपीडा कर्मी मौके पर पहुंचे।आनन फानन में बस में दबे यात्रियों को बाहर निकाला गया, जिनमें 25 घायलों में सौंरिख सीएचसी में 14, जबकि तिर्वा मेडिकल कॉलेज में 11 घायलों को एंबुलेंस से भेजकर उपचार के लिये भर्ती कराया गया है। सीओ छिबरामऊ के मुताबिक कुछ छिटपुट घायल अपने घरों को रवाना हो गये थे।

वहीं खाई में पलटी बस को क्रेन की सहायता से निकलवाया जा रहा था। इस दौरान क्रेन में भी कुछ खराबी आने की खबर है। दुर्घटना में घायल हुये लोगों में 9 माह का राघव तिवारी थाना तिवारीपुर थाना रामपुर जिला जौनपुर, इला द्विवेदी 24 वर्ष ऊंचगांव धमोर थाना सुल्तानपुर, विकास मौर्य 24 वर्ष रामदासपुर थाना निवादा जौनपुर, पूर्णिमा मौर्य 26 वर्ष थाना बरसठ्ठी जौनपुर , शिवम 24 वर्ष फरीदाबाद हरियाणा, अनीता 23 वर्ष जलालपुर जौनपुर, जंगबहादुर 52 वर्ष बदलापुर जौनपुर, लकी बिंद 18 वर्ष थाना बरहद आजमगढ़, इशिका 8 वर्ष थाना रामपुर बेताना अंबेडकरनगर, सत्यम पत्नी पंकज 33 वर्ष अंबेडकरनगर, आराधना पुत्री कृपाशंकर 26 वर्ष फरीदाबाद हरियाणा, फरहान 25 वर्ष थाना अकबरपुर अंबेडकरनगर, काजल तिवारी पुत्री राहुल 26 वर्ष थाना रामपुर जौनपुर,राहुल तिवारी पुत्र विजय तिवारी 29 वर्ष रामपुर जौनपुर शामिल हैं। सभी का उपचार जारी था। घायलों के परिजनों को सूचना की गई है। पुलिस के मुताबिक सभी यात्री खतरे से बाहर बताये गये हैं।