एक्सप्रेस-वे से खाई में गिरी लग्जरी फॉर्च्यूनर कार, एक की मौत, 5 घायल, हादसे को देख मचा हड़कंप
सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार की रात तेज रफ्तार एक बार फिर दुर्घटना का कारण बन गई। बल्दीराय थाना क्षेत्र के अंतर्गत माइल स्टोन 96.800 के पास चक टेरी गांव के समीप एक फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और आसपास अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, फॉर्च्यूनर कार (संख्या UP 50 AN 0007) में एक ही परिवार के सात सदस्य सवार थे, जो आजमगढ़ में छठ पूजा मनाकर लखनऊ लौट रहे थे। लौटते समय अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वाहन एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गया।
हादसे में एक की मौत, पांच घायल
इस दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय शुभम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही बल्दीराय पुलिस और एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी घायलों को मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ रेफर कर दिया।
दो माह की बच्ची पर दिखी कृपा
हादसे में जहां परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए, वहीं दो माह की एक बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई। यह घटना परिवार के लिए दुख और राहत दोनों का मिश्रित क्षण साबित हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। कई राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
सूचना मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों को इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलने पर सबका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच की जा रही है।
हादसे को देख जरूरत है सावधानी बरतने की अपील
पुलिस प्रशासन ने इस हादसे के बाद वाहन चालकों से अपील की है कि तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त विश्राम लेकर ही सफर करें। एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।