Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ में 10 नक्सली ढेर, AK-47 और SLR सहित हथियारों का जखीरा बरामद
Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षा बलों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया। मुठभेड़ में मौके से इंसास, एके-47, एसएलआर सहित कई अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के बाद से इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
मुठभेड़ की शुरुआत और घेराबंदी
आपको बता दें कि यह मुठभेड़ सुकमा के भेज्जी थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि बड़ी संख्या में नक्सली ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहे हैं। इसके बाद जिला रिजर्व गार्ड (DRG) ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान कोराजुगुड़ा, दंतेसपुरम, नागाराम और भंडारपदर के जंगलों और पहाड़ियों में नक्सली और सुरक्षाबल आमने-सामने आ गए, जहां दोनों ओर से सैकड़ों राउंड गोलियां चलीं।
बस्तर के आईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि ऑपरेशन में 10 नक्सलियों को मार गिराया गया। साथ ही भारी मात्रा में ऑटोमैटिक हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि ऑपरेशन अभी भी जारी है, और इलाके की गहन तलाशी ली जा रही है।
मुख्यमंत्री ने की जवानों की सराहना
उधर, सुरक्षाबलों के इस ऑपरेशन और साहस की छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर तारीफ की है। उन्होंने लिखा, “सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 नक्सलियों को ढेर किया है। हमारी सरकार नक्सलवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम कर रही है। बस्तर में शांति और विकास सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।”
अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए सुरक्षाबल के जवानों ने आज सुबह सुकमा जिले में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को मार गिराया है।
जवानों को मिली यह सफलता सराहनीय है। नक्सलियों के खिलाफ हमारी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करते हुए मजबूती…
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) November 22, 2024
https://platform.twitter.com/widgets.js
लगातार जारी हैं नक्सलियों की हंटिंग
इससे पहले भी सुरक्षाबलों को अबूझमाड़ और दक्षिण बस्तर के जंगलों में बड़ी सफलताएं मिली थीं। 16 नवंबर को हुए ऑपरेशन में 5 इनामी नक्सलियों को मार गिराया गया था। बहरहाल, नक्सलियों की गतिविधियों के मद्देनजर इलाके में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षाबलों ने बताया कि इन अभियानों का मकसद नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और स्थिरता स्थापित करना है।