SIR–2026: पीलीभीत में मतदाताओं को कब क्या करना है, DM ने बताया पूरा एक्शन-प्लान
SIR–2026: चुनाव आयोग और प्रशासन ने चलाया SIR-2026 का ऐतिहासिक अभियान, जानिये पूरे विस्तार से?
पीलीभीत लोकतंत्र की सशक्त नींव और मतदाता अधिकारों की पुख्ता रक्षा के लिए भारत निर्वाचन आयोग एवं पीलीभीत प्रशासन ने विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता नामावलियों के विशेष प्रभाव पुनरीक्षण-2026 (SIR – Special Intensive Revision) का बड़ा अभियान प्रारंभ किया है। SIR-2026 का उद्देश्य न केवल मतदाता सूची को समयनिष्ठ, त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है, बल्कि हर पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक अधिकारों से पूरी तरह लाभान्वित करना भी है।
इस बड़े अभियान के तहत बीएलओ (Booth Level Officer) जनपद के प्रत्येक घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं, जिन्हें भरकर वापस लाने के पश्चात डिजिटाइजेशन किया जा रहा है। यह कार्य सुनिश्चित करता है कि हर मतदाता का विवरण सही तरीके से नामावली में दर्ज हो और कोई भी नागरिक अपने अधिकार से वंचित न रहे।
आज यानि 19 नवम्बर 2025 को गांधी सभागार, कलक्ट्रेट, जनपद पीलीभीत में जिलाधिकारी यानि जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिष्ठित पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रेस को विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि:
जनपद में 1522 बीएलओ और 172 सुपरवाइजर तैनात हैं।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के उप जिलाधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी,सहायक निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में 52 अतिरिक्त जनपद स्तरीय अधिकारियों ने कार्य का पर्यवेक्षण किया।
सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के सख्त निर्देशों के अनुसार विस्तृत प्रशिक्षण और बैठकें प्रदान की जा चुकी हैं।
बीएलओ द्वारा वितरित गणना प्रपत्रों को भरकर वापस प्राप्त करने के बाद उनका डिजिटाइजेशन किया जा रहा है, जिससे डेटाबेस पूरी तरह अद्यतन और सटीक बना रहे। जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा इस प्रक्रिया की प्रतिदिन समीक्षा और निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।
आज तक की स्थिति क्या है :
जनपद के कुल मतदाता: 14,67,988
वितरित गणना प्रपत्र: 14,67,703
भरे गए और डिजिटाइज किए गए प्रपत्र: 97,528
प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि जनता का जनजागरूकता अभियान भी उतना ही प्रभावशाली हो। इसी उद्देश्य से:
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष/सचिव और अधिवक्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, नगर पालिका और नगर पंचायतों के चेयरमैन, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी विशेष बैठकें की गईं।
इन बैठकों में व्यक्तियों द्वारा गणना प्रपत्र भरने, उनके सत्यापन और डिजिटाइजेशन की पूरी प्रक्रिया से उन्हें अवगत कराया गया।
SIR-2026 का विस्तृत कार्यक्रम:
04 नवम्बर 2025 – 04 दिसम्बर 2025: बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रह।
09 दिसम्बर 2025: निर्वाचक नामावली (वोटर लिस्ट) का प्रारंभिक आलेख्य प्रकाशन।
09 दिसम्बर 2025 – 08 जनवरी 2026: मतदाताओं द्वारा दावे और आपत्तियाँ दाखिल करने की अवधि।
09 दिसम्बर 2025 – 31 जनवरी 2026: नोटिस, सुनवाई, सत्यापन और दावे/आपत्तियों का निस्तारण।
07 फरवरी 2026: अंतिम मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन।
आप जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने क्या कहा नीचे दिए वीडियो में सुन सकते हैं। हम चाहेंगे की आप जरूर सुने :-
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह पीलीभीत की जनता को यह संदेश देते हैं कि SIR-2026 (Special Intensive Revision) अभियान के माध्यम से हम प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार को सुनिश्चित कर रहे हैं, ताकि हर मतदाता का नामावली में सही और अद्यतन दर्ज हो। उन्होंने जनता से अपील की है कि इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें, गणना प्रपत्र भरें और अपने नजदीकी बीएलओ से सहयोग करें, क्योंकि आपका छोटा प्रयास ही हमारे लोकतंत्र को और मजबूत, पारदर्शी और सशक्त बनाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन पूरी लगन और समयबद्धता के साथ काम कर रहा है, ताकि सभी मतदाता अपनी पहचान सुनिश्चित कर सकें और पीलीभीत एक जागरूक, प्रगतिशील और आदर्श लोकतांत्रिक जिला के रूप में सामने आए।
जिलाधिकारी ने मीडिया को आश्वस्त किया कि सार्वजनिक छुट्टियों और अवकाशों के बावजूद यह कार्य समयबद्ध और बिना किसी विलंब के पूरा किया जाएगा, ताकि पीलीभीत के प्रत्येक मतदाता का नाम सूची में सही और अद्यतन रूप से दर्ज हो।
इस अभियान की खास बात यह है कि यह सिर्फ़ मतदाता सूची अद्यतन करने का कार्य नहीं है, बल्कि जनता को अपने अधिकारों से अवगत कराना और लोकतंत्र में उनकी भागीदारी को सशक्त बनाना भी इसका मुख्य उद्देश्य है। SIR-2026 ने प्रशासन और निर्वाचन आयोग के समन्वित प्रयासों से पीलीभीत को लोकतंत्र के मानचित्र पर एक आदर्श जनपद के रूप में प्रस्तुत किया है।
ECI का बड़ा ऐलान — 12 राज्यों में शुरू होगा SIR, मतदाता सूची आज रात से फ्रीज़