कानपुर। इन दिनों कानपुर नगर में अफवाहों का दौर तेजी से फैल रहा है, जिसकी वजह से लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया है। ऐसी स्थिति में कानपुर की कमिश्नरेट पुलिस लगातार जनता की सुरक्षा और विश्वास बहाली के लिए प्रयासरत है।
पुलिस ने सबसे पहले रात्रि गश्त को बढ़ाकर नागरिकों को यह भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों के बीच जाकर अफवाहों के खतरों से उन्हें जागरूक भी किया।
इसी क्रम में पुलिस ने अब उन लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है, जो अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे थे। थाना जूही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना जूही पुलिस की कार्रवाई
जूही पुलिस ने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पकड़े गए अभियुक्तों में हर्ष, विक्की, अरुण, शिव्वू कुमार, अमन और रवि शामिल हैं। इन सभी को धारा 170/126/135 के तहत गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को अग्रिम विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में जूही थाने के उपनिरीक्षक मोहित कुमार, रमाकांत गौतम और संदीप सिंह के साथ-साथ कांस्टेबल छोटू कुमार, अवधेश कुमार और अतुल वर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस का सख्त संदेश
कमिश्नरेट पुलिस ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा है कि कानपुर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। अफवाह फैलाना न केवल अपराध है, बल्कि समाज की शांति और भाईचारे को भी नुकसान पहुंचाता है। इसलिए ऐसे कृत्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अफवाह फैलाने वालों को लेना चाहिए सबक
कानपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, प्रशासन लगातार जनता को अपील कर रहा है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सत्यापन के बाद ही किसी सूचना पर विश्वास करें।
पत्रकारिता के क्षेत्र में 24 साल का अनुभव दैनिक समाचार पत्र लोक भारती से सफर शुरू कर स्टार न्यूज, न्यूज 24, न्यूज एक्सप्रेस, सूर्या समाचार, लोकल हेडिंग, वन इंडिया व पब्लिक वाइब के बाद बतौर कानपुर प्रभारी रॉकेट पोस्ट (ROCKETPOSTNEWS.COM) तक जारी है। मकसद जनहित सर्वोपरि और हर खबर पूरी जिम्मेदारी से