Kanpur News: जिलाधिकारी ने गंगा बैराज जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, राहत कार्य हुआ तेज
#image_title
कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने आज गंगा बैराज से जुड़े जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चैनपुरवा मजरा कटरी लक्ष्मीखेड़ा सहित अन्य प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्य समयबद्ध ढंग से संचालित हों, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
साहयता पर दिए यह निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिन गांवों में जल स्तर बढ़ा हुआ है, वहां निरंतर निगरानी रखी जाए। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का चिन्हांकन कर उन्हें तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाए।
पशुओं को लगाया जायेगा टीका
उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं का टीकाकरण कराया जाए। वहीं, जिला पंचायत राज अधिकारी को साफ–सफाई और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के आदेश दिए।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मिले निर्देश
इसके अतिरिक्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मेडिकल कैंप लगाकर दवाओं का वितरण और बीमार व्यक्तियों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए। वहीं उप जिलाधिकारी सदर को आदेशित किया गया कि विभागीय अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर प्रमुख स्थानों पर फ्लैक्स बोर्ड के रूप में लगाए जाएँ, ताकि ग्रामीण तत्काल सहायता के लिए संपर्क कर सकें।
प्रभावित परिवारों को मिली सुविधा
ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट और उप जिलाधिकारी (आईएएस) अनुभव सिंह ने बताया कि चैनपुरवा गांव के 42 परिवार जलभराव से प्रभावित हुए हैं। इन परिवारों को राहत किट वितरित कर दी गई है और राशन भी कोटेदार के माध्यम से उपलब्ध कराया गया है। गांव में आवागमन की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क ट्रैक्टर की व्यवस्था की गई है।
निरिक्षण में शामिल रहे अधिकारी
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला पंचायत राज अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।