Sambhal Jama Masjid: अलर्ट मोड पर पुलिस, IUML के पांच सांसदों को टोल प्लाजा से ही लौटाया
Sambhal Jama Masjid: संभल के जामा मस्जिद से जुड़े सर्वे और उसके बाद हुई हिंसा के मद्देनजर यूपी पुलिस अलर्ट पर है। इसी कड़ी में, बुधवार को इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के पांच सांसदों को संभल जाने से रोक दिया गया। ये सभी सांसद केरल और तमिलनाडु से थे और छीजारसी टोल प्लाजा पर उन्हें पुलिस ने वापस लौटा दिया।
संभल हिंसा का बैकग्राउंड
संभल के जामा मस्जिद विवाद में हिंदू पक्ष ने दावा किया कि मस्जिद एक प्राचीन हरिहर मंदिर को तोड़कर बनाई गई थी। इस विवाद के बाद इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया और हिंसा भड़क उठी। कोर्ट के आदेश के तहत मस्जिद का सर्वे किया जा रहा है, लेकिन यह मुद्दा लगातार विवादों में है, जिसके चलते प्रशासन ने इलाके में सख्ती बरती है।
सांसदों को क्यों रोका गया?
सूत्रों के अनुसार, सांसद संभल में हालात का जायजा लेने जा रहे थे। हालांकि, प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए उन्हें छिजारसी टोल प्लाजा पर ही वापस भेज दिया। पुलिस ने बताया कि इलाके में अतिरिक्त बल तैनात है और किसी को भी बिना अनुमति संवेदनशील क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।
राहुल गांधी के दौरे की संभावना
इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संभल दौरे की संभावनाओं ने प्रशासन को और सतर्क कर दिया है। उनके दौरे की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस और सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं।

संभल के हालात पर नजर
घटना के बाद से इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, सांसदों को रोकने की घटना पर IUML ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है।
