Farrukhabad News – कार्तिक पूर्णिमा पर लगी आस्था की डुबकी, प्रशासन रहा अलर्ट, देखिए एक झलक
फर्रुखाबाद समाचार – श्रद्धालुओं ने विधि विधान से की पूजा अर्चना, गंगा स्नान का है विशेष महत्व, आप भी पढ़िए
रिपोर्ट – अभय ठाकुर – फर्रुखाबाद जिला
Farrukhabad News – कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा तट पांचाल घाट पर हजारों भक्तों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगा कर पूजा अर्चना की। यहां दूरदराज के गंगा भक्त रविवार की रात से ही आने शुरू हो गए थे। जिन्होंने सुबह चार बजे से स्नान कर पुण्य कमाया। शास्त्रों के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष महत्व है। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से सिविल पुलिस के साथ फ्लड पीएसी भी तैनात रही। पुलिस के आलाधिकारी भी गंगा घाट पर पहुंच जायजा ले रहे हैं।
पांचाल घाट पर दिखी आस्था
थाना कादरी गेट के पांचाल घाट गंगा तट पर कार्तिक पूर्णिमा का स्नान सोमवार सुबह तीन बजे से ही शुरू हो गया। रविवार शाम से ही मैनपुरी, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, हरदोई कन्नौज सहित कई जिले के लोगों का आना शुरू हो गया था। सुबह पांचाल घाट के उत्तरी व दक्षिणी घाट पर भारी भीड़ नजर आई।
बच्चों ने भी लगाई आस्था की डुबकी
बच्चों, युवाओं, वृद्ध, महिलाओं के साथ हर उम्र के लोग मां गंगा के पावन जल में आस्था की डुबकी लगा रहे थे। महिलाएं स्नान के बाद धूपबत्ती लगाकर पुष्प, प्रसाद चढ़ाकर मां गंगा की पूजा अर्चना करती दिखी। गंगा पुत्रों को भी बड़ी संख्या में लोगों ने आटा, दाल,नमक की दक्षिणा दी।
सनातन धर्म की है परंपरा
गंगा पुत्र सौरभ ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस तिथि को ब्रह्मा, विष्णु, शिव, अंगिरा और आदित्य आदि ने महा पुनीत पर्व प्रमाणित किया। इस दिन किए हुए स्नान, दान, होम, यज्ञ और उपासना आदि का अनंत फल प्राप्त होता है।गंगा स्नान और सायंकाल में दीपदान का विशेष महत्व है।
जानिए क्यों किया जाता है दान
इसी पूर्णिमा के दिन सायंकाल भगवान का मत्स्य अवतार हुआ था। इस कारण इसमें किए गए दान, जप आदि दस यज्ञों के समान फल प्रदान करता है। इस वर्ष कृतिका नक्षत्र होने से यह महा कार्तिकी बन गई है। रोहिणी नक्षत्र होने से रात्रि में इसका पुण्य फल और भी अधिक बढ़ जाएगा।
प्रशासन रहा अलर्ट
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल सक्रिय रहा। सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने पांचाल घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को एक्टिव रहकर अराजक तत्वों पर कड़ी निगाह बनाए रखने के निर्देश दिए। सीओ सिटी ने थाना प्रभारी कादरी गेट के साथ मोटर वोट में सवार होकर गंगा नदी में बैरी कोडिंग का जायजा लिया।