मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का कोलकाता में प्रवासी राजस्थानियों को निवेश का न्यौता
कोलकाता प्रवासी राजस्थानी मीट
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कोलकाता प्रवासी राजस्थानी मीट में निवेशकों को आमंत्रित किया, औद्योगिक क्षमताओं से कराया रूबरू
राजस्थान की औद्योगिक ताकत का प्रदर्शन, निवेश के नए अवसर खोले
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कोलकाता में आयोजित प्रवासी राजस्थानी मीट के दौरान सेक्टोरल राउंडटेबल की अध्यक्षता की। इस बैठक में माइंस एंड मिनरल्स, केमिकल्स, टेक्सटाइल एवं होजरी, आईटी और शेखावाटी हवेलियों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान तेजी से औद्योगिक प्रगति की ओर अग्रसर है और राज्य सरकार निवेशकों के लिए बेहतरीन अवसर उपलब्ध करा रही है।
खनिज संपदा में अग्रणी — सिवाना में रेअर अर्थ एलिमेंट्स की खोज
मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान खनिज संपदा में अग्रणी राज्य है। ग्रेनाइट, संगमरमर, जस्ता, सीसा और चूना पत्थर के भंडार के साथ राजस्थान उद्योगों का केंद्र बन रहा है। उन्होंने बालोतरा के सिवाना रिंग कॉम्प्लेक्स में मिले रेअर अर्थ एलिमेंट्स (REE) के भंडार को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक खोज बताया। यह भारत का पहला हार्ड रॉक आरईई ब्लॉक है, जिसमें ऐसे 17 खनिज हैं जो इलेक्ट्रिक वाहनों और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग के लिए बेहद उपयोगी हैं। राज्य सरकार इस क्षेत्र में एक्सीलेंस सेंटर स्थापित करने की तैयारी कर रही है।
केमिकल और पेट्रोकेमिकल उद्योगों का नया गढ़ बनेगा राजस्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान का दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और दिल्ली-एनसीआर से मजबूत जुड़ाव केमिकल और पेट्रोकेमिकल सेक्टर में बड़े अवसर ला रहा है।
बालोतरा में बनने जा रहा पेट्रोलियम रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स प्रदेश को औद्योगिक नक्शे पर नई पहचान दिलाएगा।
एचपीसीएल, वेदांता, हिंदुस्तान जिंक, चंबल फर्टिलाइजर्स और दीपक नाइट्राइट जैसी बड़ी कंपनियां पहले से ही राज्य में काम कर रही हैं, जिससे रोजगार और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिल रहा है।
राजस्थान बन रहा देश का अग्रणी आईटी हब
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान आज डिजिटल इंडिया का मजबूत स्तंभ बन रहा है। जयपुर और जोधपुर में देश का सबसे बड़ा सरकारी डेटा सेंटर संचालित है, जो ई-मित्र और राजस्वान नेटवर्क के माध्यम से 600 से अधिक सेवाएं प्रदान करता है।
iStart प्रोग्राम के तहत 4,900 से अधिक स्टार्टअप्स कार्यरत हैं, जबकि R-CAT, IIT जोधपुर और IIM उदयपुर जैसी संस्थाएं स्किल डवलपमेंट में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
राजस्थान डेटा सेंटर नीति-2025 और महिंद्रा वर्ल्ड सिटी जैसे विशेष आर्थिक क्षेत्र राज्य को आईटी और आईटीईएस उद्योगों के लिए शीर्ष गंतव्य बना रहे हैं।
टेक्सटाइल उद्योग में भीलवाड़ा बना नया ग्लोबल डेस्टिनेशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान अब टेक्सटाइल और होजरी उद्योगों का हब बन चुका है। भीलवाड़ा को “टेक्सटाइल सिटी” के रूप में नई पहचान मिली है।
उन्होंने बताया कि टेक्सटाइल एंड अपैरल पॉलिसी-2025 मानव निर्मित रेशों, तकनीकी वस्त्रों और सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग को प्रोत्साहित करती है। इससे राज्य के लाखों लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और राजस्थान का नाम वैश्विक बाजारों में स्थापित हो रहा है।
शेखावटी हवेलियों से पर्यटन और अर्थव्यवस्था दोनों को बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावटी की हवेलियां राजस्थान की स्थापत्य और सांस्कृतिक विरासत की प्रतीक हैं। राज्य सरकार इनका संरक्षण कर हेरिटेज टूरिज्म को बढ़ावा दे रही है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ रहा है और विदेशी पर्यटकों का आकर्षण भी बढ़ा है।
निवेशकों के लिए नीतिगत समर्थन — RIPS 2024 से तेजी से बढ़ रहे प्रोजेक्ट्स
मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान निवेश प्रोत्साहन नीति 2024 (RIPS-2024), खनिज नीति 2024 और राजनिवेश सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए राज्य में उद्योगों की स्वीकृति और कार्यान्वयन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। इन नीतियों के कारण राजस्थान निवेश के लिए देश का सबसे भरोसेमंद गंतव्य बन रहा है।
कार्यक्रम में प्रवासी राजस्थानी और उद्योग जगत के दिग्गज रहे मौजूद
इस अवसर पर नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, निवेशक, प्रवासी राजस्थानी और विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी को राजस्थान के विकास में भागीदार बनने का आग्रह किया।
खबर यह भी पढ़े…
Rajasthan SIR Survey 2025: प्रदेश में अब होगा मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण, क्यों ?